फिरोज खान
रिश्तों में इस कदर दरारें पड़ गई हैं कि अपने ही अपनों के खून के प्यासे हो गए हैं। गोंदिया की रहनेवाली सुजाता का विवाह पांच साल पहले किशन से हुआ था। बहू बनकर ससुराल आई सुजाता को हर किसी ने हाथों-हाथ ले रखा था। सास-ससुर बहू सुजाता की तारीफ करते नहीं थकते। खूबसूरती के साथ ही अपने अच्छे आचरण से सुजाता ने सभी का दिल जीत लिया। सुबह उठते ही सास-ससुर के चरणों को छूना और समय पर नाश्ता और खाना देना उसकी जिंदगी का अभिन्न अंग बन गया था। शादी के पांच वर्ष बीत चुके थे। एक दिन अचानक किशन की तबीयत खराब हुई और उसकी मौत हो गई। छोटी उम्र में विधवा हो जाने का गम किसी पहाड़ से कम नहीं था। किसी तरह सब्र करके उसने सास-ससुर के साथ ही जिंदगी बसर करने का मन बना लिया। एक दिन सास-ससुर को दोपहर का खाना खिलाकर स्कूटी से बाजार के लिए वो निकली। अभी सुजाता कुछ ही दूर गई थी कि एक ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोर की थी कि सुजाता बुरी तरह घायल हो गई। लोगों ने फौरन उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। खबर मिलते ही सास-ससुर भी अस्पताल पहुंचे। बहू की हालत देखकर सास-ससुर रोने लगे। ससुर ने डॉक्टर से मुलाकात की और कहा, जितना पैसा लगेगा वह लगाने को तैयार है, लेकिन उनकी बहू हर हाल में बचनी चाहिए। खुशकिस्मती से सुजाता बच गई। पुलिस केस होने के नाते उसका बयान दर्ज किया गया। सुजाता ने बताया कि जिस तरह उसकी स्कूटी को टक्कर मारी गई वह एक साजिश लगती है। उसने एक अहम बात यह भी बताई कि ड्राइवर के साथ ट्रक में बैठे शख्स को उसने पहले भी अपने ससुर के साथ मिलते-जुलते देखा है। पुलिस सोच में पड़ गई कि कत्ल की कोशिश करनेवाला ससुर का मित्र वैâसे हो सकता है क्योंकि बहू को बचाने के लिए ससुर ने पानी की तरह पैसा बहाया। ऐसा शख्स बहू के कत्ल की प्लानिंग क्यों करेगा? खैर, पुलिस की जांच तेज हुई और ट्रक चालक को पकड़ लिया गया और उसकी मदद से वह शख्स भी गिरफ्तार हो गया जो ड्राइवर की बगल में बैठा था। उससे की गई पूछताछ में हैरान कर देनेवाली जानकारी सामने आई। शख्स ने बताया कि सुजाता के ससुर ने उसके मर्डर के लिए ३ लाख की सुपारी दी थी। ससुर की गिरफ्तारी के बाद सुजाता की हत्या के प्रयास का राज खुल गया। ससुर ने बताया कि उनके बेटे की मौत के बाद एलआईसी पॉलिसी का ६० लाख रुपए और प्रापर्टी सुजाता को मिलनेवाली थी। यह प्रॉपर्टी और पैसा उसको न मिले इसलिए उन्होंने उसकी हत्या की प्लानिंग की।
