-वाराणसी में विशाल वायुसेना एयर शो की तैयारी
-मोदी के २०२४ के घटे जीत अंतर के बीच
-आयोजन के समय और सियासी संदेश पर बहस
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
वाराणसी में २२, २३ और २५ अक्टूबर को भारतीय वायुसेना का विशाल एयर शो प्रस्तावित है। गंगा के ऊपर १०० से अधिक विमान और हेलिकॉप्टर प्रदर्शन करेंगे, जबकि करीब २० ल़ड़ाकू विमान बाबतपुर एयरपोर्ट पर खड़े किए जाएंगे। गंगा के आसमान में फाइटर जेट की गर्जना के बीच काशी में अब सियासी सवाल भी मंडराने लगे हैं।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में २२, २३ और २५ अक्टूबर को प्रस्तावित वायुसेना एयर शो में मोदी के पहुंचने की संभावना है। २०२४ में यहां मोदी की जीत का अंतर घटकर करीब १.५२ लाख रह गया था। ऐसे में चुनावी जमीन पर इस भव्य आयोजन के समय और सियासी संदेश को लेकर चर्चाएं तेज हैं। २०२४ लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी वाराणसी से जीते जरूर, लेकिन उनकी जीत का अंतर १,५२,५१३ वोट रहा, २०१९ की तुलना में काफी कम। कांग्रेस के यूपी प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को ४,६०,४५७ वोट मिले थे। इसी पृष्ठभूमि में प्रधानमंत्री मोदी को २५ अक्टूबर के मुख्य कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने की तैयारी ने सियासी अटकलों को जगह दी है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के पहुंचने की संभावना के बीच सवाल उठ रहा है कि यह महज सैन्य शक्ति का प्रदर्शन है या चुनावी जमीन पर शक्ति और संदेश दिखाने का एक नया मंच।
