मुख्यपृष्ठनए समाचाररोहित पवार ने महायुति को चेताया

रोहित पवार ने महायुति को चेताया

-आपदा पीड़ितों को मदद के नाम पर झुनझुना न पकड़ाएं, इस बार सादगी से मनाएं दीपावली
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र के कई हिस्सों में गंभीर सूखे की स्थिति के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने महायुति सरकार को १२ दिनों का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने किसानों और आपदा प्रभावित लोगों के लिए दिखावटी राहत के बजाय तत्काल और व्यापक सहायता की मांग की। रोहित पवार ने कहा कि लोग आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। ऐसे समय में सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित न रहे और प्रभावितों को मदद के नाम पर ‘झुनझुना’ न पकड़ाए। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि परेशान किसानों और ग्रामीण परिवारों की स्थिति को देखते हुए इस बार दीपावली सादगी से मनाएं। रोहित पवार ने २८ सितंबर को मुंबई में कहा कि राज्य के कई हिस्सों में बारिश की कमी और फसल नुकसान ने किसानों की स्थिति बेहद गंभीर कर दी है।
उनके मुताबिक, २७ सितंबर तक राज्य में सामान्य से करीब २०.५ प्रतिशत कम बारिश हुई है। उन्होंने दावा किया कि खरीफ फसलों के लिए किसानों ने करीब ९५,५०० करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि अपेक्षित उत्पादन का मूल्य करीब १.२८ लाख करोड़ रुपये था। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के उस आश्वासन का भी हवाला दिया, जिसमें किसानों को तत्काल सहायता देने की बात कही गई है। रोहित पवार ने कहा कि सरकार को अपने वादे पर कायम रहना होगा। किसानों को राहत के नाम पर केवल कागजी घोषणा या मामूली आर्थिक सहायता देकर संकट से बाहर निकलने का दिखावा नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रति हेक्टेयर कम-से-कम ५० हजार रुपये की सीधे मदद की मांग भी दोहराई।

अन्य समाचार