-३ आरोपी गिरफ्तार, पूरी रकम बरामद
सुरेश गोलानी / भायंदर
गत १८ मार्च २०२६ को एक महिला कर्मचारी द्वारा स्वयं मीरा रोड स्थित अपने कार्यास्थल में चोरी का नाटक रचकर पुलिस को गुमराह करने के मामले में नया नगर पुलिस ने महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार करने के बाद पूरी रकम बरामद कर उसके मूल मालिक को लौटा दिया है। पुलिस के अनुसार, मीरा रोड के शांति शॉपिंग सेंटर स्थित फाइव टेक इंटरनेशनल में कार्यरत महिला कर्मचारी उजमा रियाज खान ने एक शिकायत दर्ज करवाई, जिसमें उसने दावा किया कि १८ मार्च शाम ५:३० बजे दो अज्ञात लोग कार्यालय में घुसे और चाकू की नोक पर ड्रॉवर में रखे २ लाख ९४ हजार रुपए लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुए नया नगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। तकनीकी विश्लेषण और खबरी नेटवर्क से मिली जानकारी के आधार पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अमर जगदाले के नेतृत्व में क्राइम डिटेक्शन यूनिट ने मुजम्मिल अब्दुल सिद्दीकी नामक २० वर्षीय युवक को २० मार्च को मुंबई के मझगांव इलाके से धरदबोचा। पूछताछ के दौरान मुजम्मिल से मिली जानकारी ने पुलिस को हैरत में डाल दिया। मुजम्मिल के अनुसार, कार्यालय में नकदी की जानकारी देकर चोरी का ड्रामा किसी और ने नहीं, बल्कि स्वयं शिकायतकर्ता उजमा रियाज खान ने ही रचा था।
