उछलो, कूदो, प्यार करो।
सर्वोत्तम व्यवहार करो।।
अपने छोटे से जीवन में,
सोचो और विचार करो।।
आए हो तो अच्छा-अच्छा,
कोई कारोबार करो।।
नाम कमाकर जाना है तो,
खुद का ही सत्कार करो।।
स्वस्थ बनाओ खुद को पहले,
फिर सब लोकाचार करो।।
औरों को मजबूती देकर,
मन में ही त्योहार करो।।
भीतर घुसकर खुशी मनाओ,
और वही उजियार करो।।
मानवता के लिए समर्पित,
हर धंधा-व्यापार करो।।
सत्य बोलकर जीना सीखो,
सच्चाई से प्यार करो।।
बड़ा आचरण बन जाने पर,
रोगों का उपचार करो।।
मन मलीन होने से पहले,
सच्चाई स्वीकार करो।।
जीवन में खुशहाली आए,
ऐसा कारोबार करो।।
उछलो, कूदो, प्यार करो।
सर्वोत्तम व्यवहार करो।।
अन्वेषी
