मुख्यपृष्ठनए समाचारकांदिवली गैस रिसाव हादसा... मृतकों की संख्या हुई ६!

कांदिवली गैस रिसाव हादसा… मृतकों की संख्या हुई ६!

-जिंदगी-मौत से जंग लड़ रहा एक शख्स…दुकान मालिक व कैटरर पर मामला दर्ज

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई के कांदिवली इलाके में बीते दिनों हुए एक भीषण गैस रिसाव ने कई परिवारों को तबाह कर दिया है। यह हादसा अब तक ६ लोगों की जान ले चुका है, जबकि एक व्यक्ति अभी भी जिंदगी और मौत से लड़ रहा है। इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा मानकों और जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने इस घटना के लिए जिम्मेदार दुकान मालिक व कैटरर पर मामला दर्ज कर लिया है, जिनकी लापरवाही ने इस मानवीय दुर्घटना को अंजाम दिया।
कांदिवली स्थित एक कैटरिंग यूनिट में २४ सितंबर को हुए गैस रिसाव और उसके बाद भड़की आग में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। ऐरोली बर्न्स सेंटर में सोमवार को दो और महिलाओं के इलाज के दौरान दम तोड़ने के बाद यह आंकड़ा छह तक पहुंच गया है। पुलिस ने दुकान मालिक योगेंद्र मिस्त्री और वैâटरिंग संचालक शिवानी गांधी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि, हादसे में शिवानी गांधी की मौत हो चुकी है।
इस तरह हुई मौतें
ऐरोली बर्न्स सेंटर में शिवानी गांधी और नीतू गुप्ता की मौत के बाद मृतकों की सूची में चार और नाम जुड़ गए हैं। रविवार को ही रेखा गुप्ता की कस्तूरबा अस्पताल में और पूनम गुप्ता की ऐरोली में मौत हो गई थी। सोमवार को जानकी गुप्ता और दुर्गा गुप्ता को भी चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सभी महिलाएं ७० से ९० फीसदी तक झुलस गई थीं। मनाराम कुमावत का ऐरोली बर्न्स सेंटर में इलाज चल रहा है। उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
इस तरह हुई थी घटना
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, दुकान के एक कर्मचारी को गैस रिसाव का पता चला था। उसने लीक हो रहे सिलेंडर को पानी के ड्रम में रखकर दुकान बंद कर दी। अगली सुबह दुकान खुलने पर जैसे ही लाइट का स्विच चालू किया गया, बिजली के स्पार्क से रिसी गैस में आग लग गई और भीषण अग्निकांड हो गया। हालांकि, किसी सिलेंडर में विस्फोट नहीं हुआ। पुलिस के मुताबिक, मनपा और अग्निशमन विभाग की आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

अन्य समाचार