मुख्यपृष्ठस्तंभकांव-कांव: देश में नीचे गिरने की होड़

कांव-कांव: देश में नीचे गिरने की होड़

-हरिगोविंद विश्वकर्मा

एक समय ऐसा था, जब देश में ऊपर उठने की होड़ थी। लोग पढ़ते थे, मेहनत करते थे, ताकि समाज में ऊपर उठ सकें। लेकिन अब हालात बदल गए हैं। प्रतियोगिता का स्वरूप बदल गया है। आजकल नीचे गिरने की स्पर्धा चल रही है। हर कोई दूसरे से ज्यादा नीचे गिरने की कोशिश कर रहा है। मजे की बात यह है कि जो जितना नीचे गिरता है, उसे उतना ही सफल माना जाता है। गिरनेवाला भी मुस्कुराता है और उसे गिरता देखकर दूसरे भी मुस्कुराते हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि पहले वाली मुस्कान में सहानुभूति होती थी, अब वाली में ईर्ष्या होती है।
पूरब से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण, हर जगह लोग गिरने के नए-नए कीर्तिमान बना रहे हैं। कोई भाषा में गिर रहा है, कोई विचारों में और कोई अपने आचरण में। कुछ लोग तो इतने नीचे गिर चुके हैं कि उन्हें उठाने के लिए हाथ बढ़ाओ तो वे नाराज हो जाते हैं। कहते हैं, ‘भाई साहब, अपनी औकात में रहिए! हम अपनी मेहनत से यहां तक पहुंचे हैं।’
एक सज्जन से किसी ने पूछा, ‘आखिर आप और कितना गिरेंगे?’ वे बोले, ‘यह सवाल पूछकर आप हमारी प्रतिभा का अपमान कर रहे हैं। अभी तो हमने शुरुआत की है!’ उनकी बात सुनकर आसपास खड़े लोग तालियां बजाने लगे। एक नौजवान ने उत्साह में पूछा, ‘सर, नीचे गिरने का कोई प्रशिक्षण संस्थान भी है क्या?’
सज्जन बोले, ‘है क्यों नहीं! लेकिन वहां प्रवेश उन्हीं को मिलता है, जिनमें शर्म नाम की बीमारी बिल्कुल न हो।’ अब देखिए, पहले आदमी अपनी गलती पर शर्मिंदा होता था। आजकल गलती करने वाला आदमी शर्मिंदा होने के बजाय सवाल पूछनेवाले को घूरता है। मानो गलती उसने नहीं, सवाल पूछकर सामने वाले ने की हो। कुछ लोग तो गलती पकड़े जाने पर ऐसे मुस्कुराते हैं, जैसे कोई बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली हो। उनकी मुस्कान कहती है, ‘पकड़ तो लिया, लेकिन कर क्या लोगे?’
इस प्रतियोगिता में ईमानदारी सबसे बड़ी बाधा है। जो आदमी थोड़ी-सी नैतिकता बचाकर चलता है, वह दौड़ में पिछड़ जाता है। निर्णायक मंडल भी उसी को पूरे अंक देता है, जो गिरने के बाद उठने से साफ इनकार कर दे। जो अपनी गलती मान ले, उसे अयोग्य घोषित कर दिया जाता है। आखिर प्रतियोगिता गिरने की है, सुधरने की नहीं! अब देश में एक नई समस्या पैदा हो गई है। लोग पूछ रहे हैं कि इस प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार किसे मिलेगा? आयोजकों ने जवाब दिया है कि पुरस्कार उसी को मिलेगा, जो सबसे नीचे गिरने के बाद भी खुद को सबसे ऊंचा समझेगा।
वैसे, पुरस्कार की घोषणा होते ही कई दावेदार मैदान में उतर आए हैं। सबका दावा है कि उनसे नीचे कोई गिर ही नहीं सकता। लेकिन असली चिंता यह है कि अगर यही होड़ चलती रही, तो एक दिन जमीन भी शिकायत करेगी कि भाई, अब और नीचे मत गिरो। मेरे भी कुछ मान-सम्मान हैं! और तब शायद कोई नेता जमीन को ही समझाने लगेगा, ‘तुम्हें विकास दिखाई नहीं देता क्या? देश लगातार नीचे जा रहा है और तुम हो कि रास्ते में बाधा बनी हुई हो!’

अन्य समाचार