फिरोजशाह रोड पर पुलिस ने लगाया बैरिकेड, केजरीवाल-सिसोदिया सड़क पर बैठे
नई दिल्ली। पेट्रोल में २० प्रतिशत एथेनॉल मिलाने की केंद्र सरकार की ई२० नीति के खिलाफ आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का प्रधानमंत्री आवास मार्च मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने बीच रास्ते में रोक दिया। केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और पार्टी कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी कार्यालय से प्रधानमंत्री आवास की ओर बढ़े थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें फिरोजशाह रोड पर बैरिकेड लगाकर आगे जाने से रोक दिया। इसके बाद आप नेताओं ने वहीं सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
केजरीवाल करीब १०० लोगों के साथ प्रधानमंत्री आवास जाकर ई२० नीति के खिलाफ लगभग ढाई लाख लोगों के हस्ताक्षर वाली याचिकाएं सौंपना चाहते थे। उनकी मांग है कि पेट्रोल पंपों पर वाहन मालिकों को सामान्य पेट्रोल और ई२० में से किसी एक को चुनने का अधिकार दिया जाए। आप का आरोप है कि ई२० पेट्रोल के जबरन इस्तेमाल से पुराने वाहनों की माइलेज घट सकती है और इंजन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
पुलिस बोली, `न अनुमति मांगी, न दी गई’
दिल्ली पुलिस ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकालने के लिए आप की ओर से कोई अनुमति नहीं मांगी गई थी और न ही पुलिस ने इसकी इजाजत दी। नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा १६३ लागू होने तथा प्रधानमंत्री आवास के अत्यधिक सुरक्षा-संवेदनशील क्षेत्र में होने का हवाला देते हुए पुलिस ने मार्च को आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शनकारी निर्धारित स्थान पर विरोध दर्ज करा सकते हैं, लेकिन बिना अनुमति प्रधानमंत्री आवास की ओर जुलूस नहीं निकाला जा सकता। उधर, प्रधानमंत्री आवास पर लगातार हो रहे राजनीतिक प्रदर्शनों के मद्देनजर उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्रों के लिए एक समान और स्थायी मानक संचालन प्रक्रिया बनाने की मांग भी उठी है।
सुरक्षा का सवाल या विरोध की आवाज पर पहरा?
प्रधानमंत्री की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता, लेकिन विपक्ष पूछ रहा है कि यदि शांतिपूर्ण प्रतिनिधिमंडल को भी ज्ञापन देने नहीं दिया जाएगा, तो जनता अपनी शिकायत देश के सर्वोच्च निर्वाचित पद तक वैâसे पहुंचाएगी? एक ओर सरकार ई२० को पर्यावरण और आयातित तेल पर निर्भरता कम करने की नीति बता रही है, दूसरी ओर वाहन मालिक माइलेज, इंजन की अनुकूलता और पेट्रोल की कीमत को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
केजरीवाल की तीन मांगें
विकल्प दीजिए: पेट्रोल पंपों पर सामान्य पेट्रोल और E२० दोनों उपलब्ध हों।
कीमत घटाइए: कम पेट्रोल वाले E२० ईंधन की कीमत भी उसी अनुपात में कम हो।
जवाब दीजिए: पुराने वाहनों की माइलेज और इंजन पर पड़ने वाले प्रभाव की जिम्मेदारी कौन लेगा?
