फॉलोअर्स विवाद, भाजपा पर भड़के अभिजीत दीपके
सामना संवाददाता / मुंबई
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सोशल मीडिया फॉलोअर्स को लेकर उठे विवाद ने नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है। सीजेपी के इंस्टाग्राम अकाउंट के फॉलोअर्स और एंगेजमेंट पैटर्न को लेकर मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में अकाउंट के फॉलोअर्स की साइबर जांच की मांग की गई है। इस मुद्दे पर सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भाजपा पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि जो छात्र शिक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों को उजागर करते हैं, जो पत्रकार सत्ता से सवाल पूछते हैं और जो युवा व्यवस्था में सुधार की मांग करते हैं, उन्हें पाकिस्तान से जोड़ना देश के युवाओं का अपमान है।
पुणे में आयोजित पत्रकार परिषद में अभिजीत दीपके ने भाजपा नेताओं के बयानों को मूर्खतापूर्ण बताते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री द्वारा यह दावा किया गया कि कॉकरोच जनता पार्टी के ४० से ५० प्रतिशत फॉलोअर्स पाकिस्तान से हैं। उन्होंने इस दावे को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि किसी भी सोशल मीडिया अकाउंट के विस्तृत ऑडियंस डेटा तक पहुंच केवल अकाउंट एडमिन के पास होती है और उनके अनुसार सीजेपी के ९४.७ प्रतिशत फॉलोअर्स भारत से हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार की नीतियों पर सवाल पूछने वाले युवा, छात्र, पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता ‘पाकिस्तानी’ कहलाएंगे तो फिर भारतीय कौन है? दीपके ने कहा कि सरकार से जवाब मांगने वालों को देशविरोधी ठहराने की प्रवृत्ति लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके समर्थक असहमति की आवाजों को दबाने के लिए देशभक्ति और राष्ट्रवाद का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के रूप में कर रहे हैं।
दीपके ने आगे कहा कि यदि शिक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक जैसे मामलों पर समय रहते कार्रवाई की जाती, तो उन्हें विदेश में अपना जीवन छोड़कर इस तरह की लड़ाई लड़ने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
