मुख्यपृष्ठसमाचारझुंझुनू में 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते व्यवस्थापक गिरफ्तार

झुंझुनू में 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते व्यवस्थापक गिरफ्तार

सामना संवाददाता / झुंझुनू

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को राजस्थान के झुंझुनू जिले में क्रय विक्रय सहकारी समिति ढंढार के व्यवस्थापक महिपाल सिंह को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी किसानों से उनकी फसल (मूंग) को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर तुलवाने के एवज में अवैध वसूली कर रहा था।
एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एक शिकायतकर्ता ने झुंझुनू एसीबी चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने अपने पिता और ताऊ के करीब 100 क्विंटल मूंग की तुलाई सहकारी समिति ढंढार में करवाई थी। व्यवस्थापक महिपाल सिंह इस तुलाई के बदले 300 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से रिश्वत मांग रहा था। आरोपी हर किसान से शपथ पत्र (एफिडेविट) के नाम पर अलग से 5 हजार रुपए की भी मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने 5 जनवरी 2026 को मामले का गोपनीय सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसमें आरोपी 30 हजार रुपए लेने पर सहमत हुआ।
सोमवार 12 जनवरी को रणनीति के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि लेकर भेजा गया। जैसे ही महिपाल सिंह ने 30 हजार रुपए लिए एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया। रिश्वत की राशि आरोपी की जैकेट की जेब से बरामद की गई। यह ऑपरेशन जयपुर और झुंझुनू एसीबी की संयुक्त निगरानी में पूरा किया गया। झुंझुनू एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार पूनिया और उपपुलिस अधीक्षक शब्बीर खान के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार पूनिया ने बताया कि एसीबी की टीम फिलहाल आरोपी के आवास और अन्य ठिकानों की तलाशी ले रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। ब्यूरो अब इस बात की भी जांच कर रहा है कि क्या इस रैकेट में समिति के कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं।

अन्य समाचार