मुख्यपृष्ठनए समाचारसाकीनाका में सिरफिरे का तांडव गाय को पेट्रोल डालकर जलाया!

साकीनाका में सिरफिरे का तांडव गाय को पेट्रोल डालकर जलाया!

-१५ दोपहिया वाहन और दुकानों को भी लगाई आग
-बदले की आग में इंसानियत भी झुलसी
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई के साकीनाका इलाके में मामूली विवाद का बदला लेने के लिए एक सिरफिरे ने हैवानियत और दहशत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने कथित तौर पर एक गाय के मुंह पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसके बाद इलाके में खड़ी १५ दोपहिया गाड़ियों, बिजली के मीटरों और तीन से चार दुकानों को भी आग के हवाले कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान आकाश यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दो दिन पहले आरोपी ने कई खड़ी मोटरसाइकिलों को गिरा दिया था। जब गाय के मालिक विजय यादव ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज और धमकी दी थी। इसी रंजिश में उसने बुधवार सुबह करीब ५:३० बजे आगजनी की वारदात को अंजाम दिया।
घटना के वक्त विजय यादव और उनका भाई पशुशाला के पास सो रहे थे। गायों की आवाज सुनकर जब वे बाहर आए तो एक गाय का मुंह आग की लपटों में घिरा हुआ था। विजय के भाई ने किसी तरह आग बुझाई, लेकिन गाय झुलस गई। इसके बाद परिवार को आसपास खड़ी गाड़ियों और दुकानों में लगी आग का पता चला। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी पेट्रोल की बोतल लेकर घूमता दिखाई दिया। पुलिस ने फुटेज के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे की हालत में था और उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

 

अन्य समाचार