सामना संवाददाता / मुंबई
शादी का झांसा देकर लड़की का यौन शोषण करने का ट्रेंड अब पुराना हुआ। अब तो बाकायदा मंदिर में शादी कर नाबालिग का यौन शोषण करने का मामला वसई से सामने आया है। जी हां, यहां एक युवक ने नाबालिग बच्ची के साथ बाकायदा मंदिर में शादी की। मंगलसूत्र पहनाया, पूरी तरह विश्वास में लिया फिर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया और युवक का मकसद पूरा हो गया तो वह फरार हो गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वसई में रहने वाली नाबालिग स्कूली छात्रा को धोखा देकर उसका रेप किया गया। नासमझ लड़की को युवक ने भरोसे में लेने के लिए उसके साथ मंदिर में शादी की। गले में मंगलसूत्र पहनाया। बच्ची समझ बैठी कि युवक ने उसके साथ शादी कर ली है। शादी का नाटक कर युवक ने लड़की के साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में धोखा देकर फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जीवदानी मंदिर में की शादी
स्कूल में पढ़ने वाली १४ वर्षीया एक लड़की की सलून में काम करने वाले युवक से जान-पहचान हुई थी। बाद में दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगे। युवक ने लड़की से शादी करने की बात कही और उसे विरार के जीवदानी मंदिर ले गया, जहां शादी रचाई और गले में मंगलसूत्र पहनाकर पीड़िता को भरोसे में लिया और शारीरिक संबंध बनाए। नराधम को पति मान बैठी पीड़िता को आरोपी जहां बुलाता, वहां उससे मिलने के लिए वह पहुंच जाती।
घरवालों को बताई पूरी हकीकत
लड़की से घरवालों ने पूछा तो उसने अपने साथ हुए धोखे की सारी कहानी बताई। बेटी की बात सुनकर घरवाले परेशान हो गए और पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। लड़की का मेडिकल टेस्ट करवाने के लिए भेजा गया ।
रेलवे पुलिस ने दिखाई सतर्कता
१५ जनवरी को फिर एक बार मिलने का प्रोग्राम बना। लड़की स्कूल जाने के बहाने वसई रेलवे स्टेशन पंहुची और युवक का इंतजार करने लगी। काफी देर होने के बावजूद युवक नहीं पहुंचा तो पीड़िता परेशान हो गई। लड़की की हालत देख रेलवे पुलिसकर्मी ने पूछताछ की तो वह सही जवाब नहीं दे पाई। पुलिस ने उसके घर का मोबाइल नंबर लेकर संपर्क किया और लड़की को घर पहुंचाया।
