मुख्यपृष्ठस्तंभमुस्लिम वर्ल्ड : सऊदी ने बदल दिए नियम! ...भारत के मुसलमानों पर...

मुस्लिम वर्ल्ड : सऊदी ने बदल दिए नियम! …भारत के मुसलमानों पर क्या असर?

सूफी खान

भारत के मुसलमान अगर उमराह करने जाना चाह रहे हैं तो खबर आपके लिए है। सऊदी हुकूमत ने उमरा को लेकर नियमों में बड़ा बदलाव किया है, अगर जरा सी भी चूक हुई तो उमरे के लिए वीजा कैंसिल हो जाएगा।
खबर आ रही है कि सऊदी अरब हुकूमत ने उमरे के लिए एंट्री वीजा की लिमिट घटा दी है। अब अगर आप ने उमरा की नीयत और तैयारी करने के बाद सऊदी जाने में देरी की तो आपका मौका भी निकल सकता है। भारत से बड़ी तादाद में लोग सऊदी अरब हज और उमराह करने जाते हैं। हज करने जाने के लिए एक तय वक्त होता है। इस्लामिक कैलेंडर के मुताबिक, ये जिल हिज्जा के महीने में होता है, लेकिन उमराह पर लोग साल भर जाते हैं। अब उमरा अदा करने जाने को लेकर बड़ा बदलाव सामने आया है। सऊदी अरब ने उमरा एंट्री वीजा के लीगल पीरियड को तीन महीने से घटाकर एक महीना कर दिया है।
इसे ध्यान से समझिए, अब वीजा जारी होने की तारीख से सिर्फ एक महीने तक ही यह एक्सेप्ट होगा। अगर वीजा लगने के एक महीने के अंदर आप उमराह पर नहीं जाते हैं, तो फिर आपका वीजा सऊदी हुकूमत की तरफ से रद्द हो जाएगा। मीडिया रिपोर्ट बता रही है कि जहां एक तरफ एंट्री वीजा के लिए एक महीने का समय कर दिया गया है, वहीं सऊदी अरब पहुंचने के बाद उमरे के लिए आने वाले लोगों के ठहरने का वक्त पहले की तरह तीन महीने ही रखा गया है। यानी आपको अपने मुल्क से निकलना तो एक माह की तय समय सीमा के भीतर ही होगा, लेकिन सऊदी पहुंचकर आप वहां तीन माह तक स्टे कर सकते हैं।
ये नए नियम इस हफ्ते से लागू हो जाएंगे। बताया जा रहा है कि सऊदी हुकूमत का ये पैâसला वहां की हज और उमरा मिनिस्ट्री की उन तैयारियों का हिस्सा है, जो उमराह यात्रियों की अनुमानित बढ़ोतरी को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। गर्मी खत्म होने पर मक्का व मदीना में टेंपरेचर गिर जाता है और मौसम सुहावना रहता है, ऐसे में बड़ी तादाद में लोग उमरे का प्लान बनाते हैं। ऐसे में वहां भीड़ बहुत हो जाती है। वीजा की टाइम लिमिट में सख्ती करने का मकसद इस भीड़ को कंट्रोल करना है, ताकि सबको बेहतर इंतजामात का फायदा मिल सके।
आजकल आने-जाने की बेहतर सुविधाएं होने के चलते भारत से भी लोग बड़ी तादाद में उमराह के लिए सऊदी जाने लगे हैं। सऊदी सरकार के मुताबिक, उमराह आने वालों की तादाद में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। इस साल के सिर्फ पांच महीनों में ही वहां ४० लाख से ज्यादा मुस्लिम पहुंच गए थे।
साल २०२३ में भारतीयों ने दुनिया में तीसरी सबसे बड़ी तादाद में उमराह अदा किया था। कुल १८ लाख भारतीय मुसलमान उमराह करने सऊदी अरब पहुंचे थे। अब देखना होगा कि सऊदी के उमराह को लेकर बने वीजा नियमों का कितना असर होता है?

अन्य समाचार