सामना संवाददाता / नासिक
नासिक में सड़क के गड्ढों के कारण हुए हादसों में शहर में अब तक सात लोगों की जान जा चुकी है। कई लोग घायल हुए हैं, जबकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। भ्रष्ट, निष्क्रिय सत्ताधारियों और बेपरवाह प्रशासन से जवाब मांगने और शहर को गड्ढामुक्त करने की मांग को लेकर शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत के नेतृत्व में आज सोमवार, १७ अगस्त को मनपा पर जनआक्रोश मोर्चा निकाला जाएगा।
सात लोगों की मौत के बावजूद सड़कों की हालत जस की तस
सात लोगों की मौत के बावजूद शहर की सड़कों की हालत जस की तस बनी हुई है। लगातार हादसे हो रहे हैं और नागरिकों के घायल होने का सिलसिला जारी है।
सत्ताधारी भाजपा और प्रशासन हालांकि अब भी बेपरवाह बने हुए हैं। अस्थायी मरम्मत कर जनता को गुमराह करने का काम जारी है। वर्ष २०१७ के मनपा चुनाव प्रचार के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विकास के लिए नासिक शहर को गोद लेने की घोषणा की थी। लेकिन विकास के बजाय शहर की स्थिति बद से बदतर हो गई है।
कुंभ मेले के नाम पर पूरे शहर को खोदकर रख दिया गया है। मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक की सड़कें बुरी तरह खराब हो चुकी हैं, जिससे नागरिकों के लिए पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। जगह-जगह यातायात जाम से नागरिक परेशान हैं। शिवसेना के इस जनआक्रोश मोर्चे की शुरुआत सुबह १० बजे शालिमार स्थित शिवसेना के केंद्रीय कार्यालय से होगी।
शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत मोर्चे का नेतृत्व करेंगे। जिला संपर्क उपनेता रवींद्र मिर्लेकर भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। सांसद राजाभाऊ वाजे, उपनेता दत्ता गायकवाड, जिलाप्रमुख निवृत्ति जाधव, डी. जी. सूर्यवंशी, लोकसभा प्रमुख जयंत दिंडे, महानगरप्रमुख प्रथमेश गीते, पूर्व विधायक वसंत गीते, गुटनेता केशव पोरजे, नगरसेवक शैलेश ढगे, मुरलीधर भामरे, योगेश गाडेकर, योगेश भोर, भारती ताजनपुरे, मंगला आढाव, वैशाली दाणी, वैशाली दलवी और सीमा पवार सहित शिवसेना के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मोर्चे में शामिल होंगे।
सरकार की पोल खोलेंगे -संजय राऊत
मुख्यमंत्री द्वारा गोद लिए गए नासिक शहर में सड़कों के गड्ढों के कारण सात निर्दोष नागरिकों की मौत हो चुकी है और सौ से अधिक लोग घायल हुए हैं। इसके बावजूद यहां के ‘चंपतराय’ और कुंभ मंत्री बेशर्मी से सब कुछ देखते बैठे हैं। नासिकवासियों के लिए हम कल सोमवार को सड़कों पर उतरेंगे। यह मोर्चा देवेंद्र फडणवीस सरकार का वस्त्रहरण करनेवाला साबित होगा, ऐसी चेतावनी शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत ने दी। उन्होंने नासिकवासियों से इस मोर्चे में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। कुंभ मेले के नाम पर नासिक में केवल लूट चल रही है, ऐसा स्वयं साधु-संतों ने कहा है। जिनसे शहर के गड्ढे तक नहीं भरवाए जाते, वे कुंभ मेला आयोजित करने चले हैं, ऐसा करारा तंज भी उन्होंने सरकार पर कसा।
