-उपमुख्यमंत्री आवास से हो रही क्राइम की प्लानिंग…तेजस्वी यादव का सनसनीखेज आरोप
बिहार में हो रहे अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार की वर्तमान सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है और उपमुख्यमंत्री के आवास से अपराध की योजनाएं बनाई जा रही हैं। तेजस्वी यादव ने हाल ही में इंजीनियर के यहां हुई छापेमारी और करोड़ों रुपए मिलने को लेकर सरकार पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, ‘करोड़ों रुपए मिल रहे हैं, जलाए जा रहे हैं, फिर भी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? मंत्री जी बताइए कि जांच क्यों नहीं हो रही है?’ उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मंत्रियों का पैसा भी अवैध संपत्ति में शामिल है और कहा कि नीतीश कुमार भ्रष्टाचार के भीष्म पितामह बन चुके हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा, `कल भी पटना में हत्याएं हुर्इं, बिहार में लगातार हत्याएं हो रही हैं। अब तो अपराध की प्लानिंग उपमुख्यमंत्री के घर से शुरू हो गई है।’ तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पर सीधा हमला करते हुए कहा कि ये अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं। बिहार में १०० से अधिक हत्याएं हो चुकी हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। कोई देखनेवाला नहीं है। मैं पहले ही कह चुका हूं कि अपराधी विजय और सम्राट बन चुके हैं।’ पटना में लगातार प्रदर्शनकारियों पर हो रहे लाठीचार्ज को लेकर भी तेजस्वी यादव ने कड़ा रुख अपनाया।
पटना में आरजेडी नेता की हत्या
पटना में बुधवार देर रात आरजेडी नेता व प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने उन्हें दौड़ाते हुए ६ गोलियां मारी थीं। खबरों के मुताबिक, राय आरजेडी छोड़कर राघोपुर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। हत्या का कारण राजनीतिक रंजिश या जमीनी विवाद बताया जा रहा है।
