मुख्यपृष्ठसमाचारपटना के दानापुर में वर्चस्व की लड़ाई में कुख्यात सोनू को गोलियों...

पटना के दानापुर में वर्चस्व की लड़ाई में कुख्यात सोनू को गोलियों से भूना, घटनास्थल पर ही हुई मौत

अनिल मिश्र / पटना

बिहार प्रदेश की राजधानी पटना के दानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इमली तल इलाके में आज शुक्रवार को सरेशाम गैंगवार की भीषण वारदात सामने आई । यहां पर बेखौफ अपराधियों ने एक व्यक्ति को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग करते हुए उसके शरीर को गोलियों से छलनी कर दिया। इस बीच इन गोलियों की तड़तड़ाहट से आज उस समय पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।इस घटनाक्रम में गोलियों से बुरी तरह बिंधे हुए इस शख्स ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल कायम हो गया है।इस घटना की सूचना मिलते ही दानापुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची और छानबीन शुरू की। मृतक की पहचान सिपारा निवासी चालिस वर्षीय सोनू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सोनू आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति था और उस पर कई मामले दर्ज थे। वह पिछले लंबे समय से दानापुर थाना क्षेत्र में ही रह रहा था और पुलिस को आशंका है कि वर्चस्व की लड़ाई में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। वहीं पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में घटना के तार आपसी गैंगवार से जुड़ते नजर आ रहे हैं। पुलिस इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि आपराधिक गुटों के बीच वर्चस्व या किसी पुरानी रंजिश के कारण तो इस वारदात को अंजाम नहीं दिया गया। वहीं इस घटना के बाद घटनास्थल से पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास की गतिविधियों को खंगालना शुरू कर दिया है ताकि शूटरों के सुराग हासिल किए जा सकें। वहीं इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पटना नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) संकेत कुमार ने वारदात की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कुख्यात सोनू कुमार की हत्या के मामले में पुलिस की विशेष टीम का गठन किया गया है। अपराधियों के भागने के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

अन्य समाचार