मुख्यपृष्ठसमाचारपूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक रिश्वत लेते गिरफ्तार

पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक रिश्वत लेते गिरफ्तार

उमेश गुप्ता / वाराणसी

पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में तैनात वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक (सीनियर डीएमएम) नितेश अग्रवाल को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कथित तौर पर १.७० लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेलवे को फर्नीचर की आपूर्ति करने वाले एक ठेकेदार ने सीबीआई से शिकायत की थी कि उसका बिल पास करने के एवज में अधिकारी १.७० लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत के सत्यापन के बाद सीबीआई की लखनऊ टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
बताया जा रहा है कि टीम ने अधिकारी को बरेका स्थित उनके सरकारी आवास पर ठेकेदार से कथित रिश्वत की रकम लेते समय रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान सीबीआई ने आवास की तलाशी लेकर मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख भी अपने कब्जे में ले लिए।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी को पूछताछ के लिए सीबीआई अपने साथ लखनऊ ले गई। मामले में सीबीआई बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है तथा रिश्वतखोरी के इस प्रकरण के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
समाचार लिखे जाने तक इस मामले में सीबीआई और पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

अन्य समाचार