मुख्यपृष्ठसमाचारसावन में काशी आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को लेकर पुलिस प्रशासन...

सावन में काशी आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को लेकर पुलिस प्रशासन ने कसी कमर

-सावन के सोमवार पर रहेगी अभेद सुरक्षा व्यवस्था, चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी

उमेश गुप्ता / वाराणसी

आगामी श्रावण मास में देश-विदेश से काशी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम यातायात को लेकर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।
गुरुवार को पुलिस आयुक्त (सीपी) मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी (डीएम) सत्येंद्र कुमार ने आला अधिकारियों के साथ गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तक पैदल भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
श्रावण मास, विशेषकर सावन के सोमवार और शिवरात्रि पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए शहर को पांच जोन और 15 सेक्टर में विभाजित किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था की कमान पांच आईपीएस अधिकारी और 50 राजपत्रित अधिकारी संभालेंगे। इनके साथ लगभग 5000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
शहर का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा सीसीटीवी कैमरों से लैस है। त्रिनेत्र प्रणाली के माध्यम से कंट्रोल रूम से पूरे शहर, संवेदनशील क्षेत्रों और रेलवे स्टेशनों की 24 घंटे रियल टाइम निगरानी की जाएगी।
असामाजिक एवं संदिग्ध तत्वों पर नजर रखने के लिए भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे।
कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था
कांवड़ यात्रियों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए प्रशासन ने विशेष रूट चार्ट तैयार किया है।
* प्रयागराज से मोहनसराय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांवड़ियों के लिए एक पूरी लेन आरक्षित रहेगी।
* कांवड़ मार्ग पर प्रत्येक चार किलोमीटर की दूरी पर पीआरवी (पीआरवी) अथवा फैंटम दस्ता तैनात रहेगा।
* मार्ग पर जगह-जगह पुलिस बूथ, विश्राम स्थल एवं आपातकालीन चिकित्सा शिविर स्थापित किए जाएंगे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान डीजे का संचालन न्यायालय द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप ही होगा। साथ ही डीजे की ऊंचाई और चौड़ाई ऐसी नहीं होगी, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना या सुरक्षा संबंधी खतरा उत्पन्न हो।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) शिवहरि मीणा, डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार यादव, एडीसीपी वैभव बांगर, एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा, एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजन त्रिपाठी सहित कई थाना प्रभारी एवं पुलिस बल उपस्थित रहे।

अन्य समाचार