मुख्यपृष्ठखेलराष्ट्रीय जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में ओडिशा के खिलाड़ियों का जलवा

राष्ट्रीय जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में ओडिशा के खिलाड़ियों का जलवा

-प्रीति झंकार और रोज मिन्जी ने दो-दो स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया मान
-13 खिलाड़ियों ने दिखाया दम, राउरकेला के ग्रासरूट सेंटर ने पहली बार राष्ट्रीय मंच पर दर्ज कराई मौजूदगी

सामना संवाददाता / पुणे

प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन के दम पर ओडिशा के युवा जिम्नास्टों ने राष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी ताकत का शानदार प्रदर्शन किया है। महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित सीबीएसई नेशनल जिम्नास्टिक चैंपियनशिप 2026 में ओडिशा AM/NS इंडिया के खिलाड़ियों ने पदकों की झड़ी लगाकर राज्य का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में देशभर के 350 से अधिक युवा जिम्नास्टों ने हिस्सा लिया, जिसमें ओडिशा AM/NS इंडिया के 13 खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्गों में अपने हुनर का लोहा मनवाया।
इस प्रतियोगिता की सबसे बड़ी उपलब्धि प्रीति झंकार और रोज मिन्जी के नाम रही। अंडर-17 बालिका वर्ग में प्रीति झंकार ने ऑल-अराउंड और बैलेंस बीम स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि ने प्रतियोगिता में ओडिशा की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं, अंडर-11 बालिका वर्ग में रोज मिन्जी ने भी असाधारण प्रदर्शन किया। उन्होंने ऑल-अराउंड और बैलेंस बीम में दो स्वर्ण पदक जीतने के साथ फ्लोर एक्सरसाइज में रजत पदक हासिल किया।
अंडर-14 बालिका वर्ग में भी ओडिशा की खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का दम दिखाया। शौम्यश्री प्रियदर्शिनी ने बैलेंस बीम में रजत और वॉल्ट में कांस्य पदक जीता। इसी वर्ग में सुभिदिता बाग ने अनइवन बार्स और वॉल्ट स्पर्धाओं में दो रजत पदक हासिल कर अपनी सफलता का परचम लहराया।
इस प्रतियोगिता में राउरकेला स्थित ओडिशा AM/NS इंडिया जिम्नास्टिक ग्रासरूट सेंटर के खिलाड़ियों की भागीदारी भी खास रही। केंद्र के खिलाड़ियों ने पहली बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में कदम रखा और शानदार शुरुआत की। अंडर-11 बालक वर्ग में प्रणबजैन महाला ने पैरेलल बार्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर केंद्र का खाता खोला। यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण रही, क्योंकि ग्रासरूट सेंटर के खिलाड़ियों के लिए यह पहला राष्ट्रीय अनुभव था।
इस चैंपियनशिप में भुवनेश्वर के हाई परफॉर्मेंस सेंटर और राउरकेला के ग्रासरूट सेंटर से जुड़े खिलाड़ियों ने विभिन्न स्कूलों का प्रतिनिधित्व किया। कुल 13 प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाई।
ओडिशा AM/NS इंडिया के जिम्नास्टिक कार्यक्रम की यह सफलता युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को तराशने, उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। इन खिलाड़ियों ने साबित कर दिया कि सही मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय मंच पर बड़ी पहचान बना सकती हैं।

अन्य समाचार