-प्रदर्शनकारियों का गुस्सा और भड़का
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
नेपाल में जेन-जेड के आंदोलन और तख्तापलट के बाद पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली जान बचाकर दुबई भाग गए हैं। इसका खुलासा एक नेपाली एयर होस्टेस ने किया है। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि मंगलवार रात से नेपाली सेना ने पूरे देश की कमान अपने हाथ में ले ली है।
बता दें कि एयरपोर्ट से एक वीडियो शेयर कर इस बात का दावा किया गया है कि ओली काठमांडू से दुबई भाग गए हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और प्रदर्शनकारियों के गुस्से को और भड़का रहा है। बताया जा रहा है कि केपी शर्मा ओली ने देश छोड़ने के लिए सेना से मदद मांगी थी और वह इलाज के बहाने दुबई भागे हैं। उनके लिए हिमालय एयरलाइंस का एक जेट भी स्टैंडबाय पर रखा गया था। इस बीच, ललितपुर के भैसपति इलाके में हेलीकॉप्टर घूमते देखे जाने के बाद इन अटकलों को और हवा मिल गई है। बता दें कि सिर्फ ओली ही नहीं, आंदोलनकारियों ने तीन और पूर्व प्रधानमंत्रियों को भी निशाना बनाया। शेर बहादुर देउबा, झालानाथ खनल और पुष्प कमल दहल प्रचंड के घरों में आग लगा दी गई। पूर्व प्रधानमंत्री खनल की पत्नाr राजलक्ष्मी चित्रकार आग में गंभीर रूप से झुलस गईं और बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
