अमिताभ श्रीवास्तव
अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स को भला कौन नहीं जानता। अब अगर वो यह कहें कि मेरा पति मुझे मार डालेगा तो सुर्खियां बननी ही हैं। जी हां, सुनीता विलियम्स ने अंतरिक्ष मिशन को अलविदा कह दिया है। यह एक बहुत ही बड़ी सनसनीखेज खबर है कि ऐसा क्या हुआ जो सुनीता ने इस अभियान को अलविदा कह दिया? ऐसा क्या हुआ कि उन्होंने कहा मेरा पति मुझे मार डालेगा? भारतीय मूल की प्रसिद्ध अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने २७ साल के शानदार करियर के बाद अंतरिक्ष मिशन से संन्यास ले लिया है। अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने बताया कि उनकी रिटायरमेंट २७ दिसंबर, २०२५ यानी क्रिसमस के तुरंत बाद प्रभावी हो गई, लेकिन रिटायरमेंट से पहले उनके एक बयान ने दुनियाभर का ध्यान खींचा। इसमें उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था, ‘मेरा पति मुझे मार डालेगा।’ आखिर सुनीता विलियम्स को किस बात का डर था और उन्होंने स्पेस मिशन को अलविदा क्यों कहा? जून २०२४ में बोइंग के स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट से सुनीता विलियम्स का मिशन महज ८ दिनों का होना था। यह स्टारलाइनर का पहला क्रू मिशन था और इसे एक टेस्ट फ्लाइट के तौर पर देखा जा रहा था, लेकिन तकनीकी खराबियों के चलते मिशन तय समय पर पूरा नहीं हो सका। हालात ऐसे बने कि स्टारलाइनर बिना क्रू के वापस लौट आया और सुनीता विलियम्स को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर ही रुकना पड़ा। यही ८ दिन का मिशन बढ़ते-बढ़ते ९ महीने से ज्यादा का हो गया। इस दौरान सोशल मीडिया और कुछ अंतरराष्ट्रीय मीडिया में यह चर्चा शुरू हो गई कि क्या सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष में ‘फंस’ गई हैं। हालांकि, नासा भी इस मिशन को असफल नहीं मानता। खुद सुनीता ने कहा कि वे पहले से जानती थीं कि यह एक टेस्ट फ्लाइट है और इसमें दिक्कतें आ सकती हैं। इसी दौरान जब उनसे पूछा गया कि नासा चांद पर एक मानवीय मिशन भेजने की तैयारी कर रहा है। क्या वह भी इस मिशन पर जाना चाहेंगी? तो इस पर सुनीता विलियम्स ने हल्के-फुल्के अंदाज में हंसते हुए कहा, ‘बिल्कुल, मैं चांद पर जाना चाहूंगी, लेकिन मेरा पति मुझे मार डालेगा।’ हर व्यक्ति के सामने एक पड़ाव आता है कि उसे संन्यास लेना होता है। बस यही वजह है कि सुनीता ने अलविदा कहा है, बाकी कोई डर या कोई और बात नहीं है।
व्हाइट हाउस बनेगा
मैटरनिटी हाउस?
पहली बार ऐसा होगा जब अमेरिका के व्हाइट हाउस में बच्चे की किलकारी गूंजेगी। नहीं-नहीं, राष्ट्रपति ट्रंप के यहां बच्चा नहीं पैदा हो रहा, बल्कि उपराष्ट्रपति के यहां हो रहा है। जी हां, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी पत्नी सेकेंड लेडी उषा वेंस एक बार फिर माता-पिता बनने जा रहे हैं। वेंस दंपति ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि वे जुलाई के अंत तक एक बेटे के स्वागत की तैयारी कर रहे हैं और यह उनका चौथा बच्चा होगा। उषा वेंस अक्सर उपराष्ट्रपति के साथ विदेश दौरों और आधिकारिक यात्राओं में नजर आती रही हैं। कई मौकों पर उनके बच्चे भी साथ देखे गए हैं। सोशल मीडिया और आधिकारिक तस्वीरों में वेंस परिवार को एयर फोर्स टू में यात्रा करते हुए देखा गया है, जहां बच्चे कई बार पायजामे में नजर आए। अमेरिकी इतिहास में इससे पहले किसी भी उपराष्ट्रपति के घर संतान का जन्म नहीं हुआ है। इस तरह व्हाइट हाउस में रहते हुए परिवार बढ़ाने वाले वेंस पहले दंपति होंगे। इससे पहले राष्ट्रपति ग्रोवर क्लीवलैंड की पत्नी प्रâांसेस क्लीवलैंड ने १८९३ में उनके दूसरे कार्यकाल के दौरान व्हाइट हाउस में बच्चे को जन्म दिया था। जेडी वेंस और उषा वेंस की यह घोषणा उन्हें उन गिने-चुने अमेरिकी शीर्ष अधिकारियों की सूची में शामिल करती है, जो अपने कार्यकाल के दौरान एक और बच्चे का स्वागत करने जा रहे हैं। वैसे भी उषा घटती जन्मदर को बढ़ाने की पक्षधर रही हैं।
