अमिताभ श्रीवास्तव
अब तक अपने जाल से इधर से उधर कूदते, छलांग लगाते हुए स्पाइडर मैन ने पूरी दुनिया में तहलका मचा रखा था मगर छलांग लगाने के चक्कर में वो ऐसा गिरा कि उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। जी हां, नवीनतम स्पाइडर-मैन ब्लॉकबस्टर के सेट पर स्टंट गड़बड़ा जाने के कारण अभिनेता टॉम हॉलैंड को अस्पताल ले जाया गया। ऐसा माना जाता है कि गिरने से उनका सिर फट गया है। एक महिला को भी एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया है, जिसे स्टंट डबल माना जा रहा है। बताया गया है कि उसे मस्तिष्क के अंदरूनी भाग में चोट पहुंची है और उपचार किया जा रहा है। स्पाइडर मैन की ऐसी हालत पर उसके प्रशंसको में चिंता है। अच्छी बात यह है कि स्टंट में टॉम को खतरे से बाहर बताया जा रहा है। १५० मिलियन पाउंड की लागत वाली स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे की शूटिंग हर्ट्स के वाटफोर्ड स्थित लीव्सडेन स्टूडियो में चल रही थी, इस हादसे के कारण अब उसे स्थगित कर दिया गया है। ब्रिटिश स्टार टॉम के हास्य कलाकार पिता डोमिनिक ने पुष्टि की कि उनका बेटा कुछ समय के लिए शूटिंग से दूर रहेगा। यह फिल्म टॉम की चौथी स्टैंडअलोन स्पाइडर-मैन फिल्म है जो अगले वर्ष जुलाई में रिलीज होने वाली है।
०.०१ सेकंड से चूक गया मेडल
इसे कहते हैं रोमांच। इसे कहते हैं समय का महत्व। क्या कोई विश्वास कर सकता है कि क्षण भर की देर में मेडल जीतने से चूका जा सकता है? हां, दौड़ में यही होता है खास क्षण। विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में महिलाओं की ८०० मीटर दौड़ में ब्रिटेन की कीली हॉजकिंसन अपने साथ दौड़ रही धाविका से मात्र ०.०१ सेकंड से हार गई। उसे विश्वास ही नहीं था कि उसकी विरोधी के पैर का अंगूठा पहले फिनिश लाइन को छू जाएगा। कीली हॉजकिंसन काफी निराश हुई, यह तो होना ही था। हालांकि टीम ब्रिटेन ने दो पदक जीते जिसमें हॉजकिंसन ने कांस्य पदक जीता जबकि जॉर्जिया हंटर बेल ने रजत पदक जीता। दोनों ब्रिटिश खिलाड़ी मैदान में आगे थे और एक शानदार वन-टू फिनिश की उम्मीद कर रहे थे। हालांकि, केन्या की लिलियन ओडिरा ने दोनों को पीछे छोड़ते हुए १:५४.६२ के नए चैंपियनशिप रिकॉर्ड समय के साथ जीत हासिल की। हंटर बेल ने १:५४.९० का अविश्वसनीय समय निकाला और हॉजकिंसन को ०.०१ सेकंड से हराकर दूसरा स्थान प्राप्त किया। हॉजकिंसन जिसने पिछले साल गर्मियों में पेरिस में ओलंपिक स्वर्ण पदक जीता था, यहां तीसरे स्थान पर आने से निराश हो गईं। लेकिन हॉजकिंसन और हंटर बेल के दो पदकों ने यह सुनिश्चित कर दिया कि यह ब्रिटिश एथलेटिक्स के लिए एक ऐतिहासिक दिन था। रजत और कांस्य पदक जीतने का अर्थ यह था कि १८ वर्षों में यह पहली बार था कि ब्रिटेन ने एक ही स्पर्धा में दो पदक जीते हैं।
