मुख्यपृष्ठखेलआउट ऑफ पवेलियन: क्रिकेट नहीं खेलेंगे सूर्यकुमार

आउट ऑफ पवेलियन: क्रिकेट नहीं खेलेंगे सूर्यकुमार

अमिताभ श्रीवास्तव

-अमेरिका की बेसबॉल लीग मेजर लीग ने घोषणा करके बताया है कि वह अक्टूबर महीने में मुंबई में एक इवेंट आयोजित करेगा।

-अब सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो चुकी है कि वह अगले सीजन यानी आईपीएल २०२७ में कोलकाता से जुड़ेंगे।

क्या वाकई क्रिकेट नहीं खेलेंगे सूर्यकुमार यादव? जी हां, नहीं खेलेंगे। मगर ऐसा नहीं है कि वो क्रिकेट खेलेंगे ही नहीं बल्कि वह एक नए खेल में डेब्यू करने जा रहे हैं। अमेरिका की बेसबॉल लीग मेजर लीग बेसबॉल ने घोषणा करके बताया है कि वह अक्टूबर महीने में मुंबई में एक इवेंट आयोजित करेगा। इसी इवेंट में भारतीय टी२० टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव भी खेलेंगे। यह इवेंट एमएलबी एक्स प्रोग्राम के तहत आयोजित किया जाएगा और भारत से पहले भी अन्य देशों में इसके इवेंट आयोजित होते रहे हैं। २४ अक्टूबर को एमएलबी एक्स भारत में अपना डेब्यू करने जा रहा है और यह इवेंट अंधेरी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स स्थित मुंबई फुटबॉल एरीना में होगा। यह भारतीय स्पोर्ट्स फैंस के लिए वाकई एक नया अनुभव होगा। इस बेसबॉल कम्पटीशन में सूर्यकुमार यादव के अलावा एमएलबी के बड़े सितारे निक स्विशर और एड्रियन गोंजालेज भी खेलेंगे। एमएलबी ने बताया कि इवेंट में हिस्सा लेने वाले बाकी खिलाड़ियों का नाम जल्द घोषित कर दिया जाएगा। पिछले महीने एमएलबी ने भारत में बेसबॉल को प्रमोट करने के लिए अपना ब्रांड एम्बेसडर बनाया था। आमतौर पर मेजर लीग बेसबॉल के एक मैच में प्रत्येक टीम से ९ खिलाड़ी खेलते हैं, लेकिन एमएलबी एक्स एक नया फॉर्मेट है, जिसमें प्रत्येक टीम के पास सिर्फ ३ ही खिलाड़ी होते हैं। वहीं सामान्य रूप से बेसबॉल के एक मैच में ९ पारी खेली जाती हैं, जिसका स्कोर सबसे ज्यादा होगा उसे विजेता घोषित किया जाता है।
पंड्याजी केकेआर में
अब हार्दिक पंड्या को लेकर खबर है कि वो मुंबई इंडियंस को अलविदा कहेंगे और केकेआर का पल्लू पकड़ेंगे। जी हां, २०२४ आईपीएल से मुंबई इंडियंस के लिए कप्तान के रूप में खेल रहे हैं। उनकी कप्तानी टीम के लिए काफी खराब साबित हुई। हार्दिक ने फ्रेंचाइजी को ५ ट्रॉफी जिता चुके दिग्गज कप्तान रोहित शर्मा को रिप्लेस किया था। लेकिन २०२६ का सीजन खत्म होने के बाद से ही हार्दिक के ट्रेड को लेकर चर्चा तेज है। पहले कहा जा रहा था का वह चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ेंगे। लेकिन अब हार्दिक के कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ जुड़ने की चर्चा तेज हो गई। बात कप्तान बनने तक पहुंच गई है। बता दें कि २०२२ और २०२३ में गुजरात टाइटंस के लिए कप्तानी करने वाले हार्दिक ट्रेड के जरिए ही अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी मुंबई के साथ दोबारा जुड़े थे। अब सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो चुकी है कि वह अगले सीजन यानी आईपीएल २०२७ में कोलकाता से जुड़ेंगे। बात सिर्फ केकेआर के साथ जुड़ने तक सीमित नहीं रही, कहा तो यह भी जा रहा है हार्दिक टीम की कमान भी संभालेंगे। पिछले २ सीजन (२०२५ और २०२६) में अजिंक्य रहाणे कोलकाता के लिए कप्तानी की जिम्मेदारी निभाते आए थे। लेकिन हाल ही में रहाणे ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का एलान कर दिया, जिसके बाद केकेआर ने कप्तान की तलाश शुरू कर दी। हालांकि हार्दिक के ट्रेड को लेकर अभी किसी भी तरह की आधिकारिक जानकारी नहीं आ सकी है, लेकिन सोशल मीडिया पर उनके केकेआर से जुड़ने की खबरों की बाढ़ आ चुकी है।

अन्य समाचार