अमिताभ श्रीवास्तव
अमेरिकन ओपन के बीच कोर्ट में ही घटनाएं नहीं घटतीं, बल्कि कमेंट्री बॉक्स में भी घटती हैं। जी हां, दरअसल लॉरा रॉबसन ने टीवी पर लाइव प्रसारण के दौरान एक बहुत ही अजीब गलती कर दी। अब इसे गलती मानी जाए या ताना यह डिसाइड सुनने वाले कर रहे हैं। दरअसल, ३१ वर्षीय पूर्व ब्रिटिश टेनिस स्टार लॉरा यूएस ओपन में स्काई स्पोर्ट्स के लिए काम कर रही हैं। उनके साथ गिगी सैल्मन, टिम हैनमेन और मार्टिना नवरातिलोवा भी हैं। हुआ यूं कि विश्व की नंबर एक खिलाड़ी आर्यना सबालेंका की लेयला फर्नांडीज पर ६-३, ७-६ की जीत हुई थी, मगर इस मैच के बीच आर्थर ऐश स्टेडियम की भीड़ में एक प्रशंसक ने घुटने पर बैठकर अपनी प्रेमिका को शादी का प्रस्ताव दिया। जिसे विशाल अमेरिकी ओपन स्थल के अंदर बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया। मैच की बात कर रहे ये चारों इस प्रस्ताव पर बात करने लगे, तभी रॉबसन को शर्मिंदगी उठानी पड़ी। क्योंकि उसने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो मैं इससे बदतर कुछ भी नहीं सोच सकती।’ उन्हें यह अहसास नहीं था कि उनकी सहकर्मी नवरातिलोवा ने भी यही किया था। २०१४ में इसी कोर्ट पर रूसी मॉडल, जो अब उनकी पत्नी हैं, जूलिया लेमिगोवा से शादी का प्रस्ताव रखा था। लॉरा के कथन के बाद १८ बार की ग्रैंड स्लैम विजेता और समलैंगिक नवरातिलोवा नें बताया कि मैंने ११ साल पहले ऐश पर जूलिया को प्रपोज किया था। यस सुन कर लॉरा को ध्यान आया कि उसने कुछ गलत बोल दिया है, जिसे मार्टिना ताना मान बैठी हैंै। लॉरा ने हंसते हुए गलती मानी और हेनमैन के पीछे छिपने, सेट से भागने का नाटक करने लगीं। सब हंस पड़े। हालांकि, बाद में टेनिस आइकन नवरातिलोवा ने अपने विवाह प्रस्ताव के बारे में विस्तार से बताया।
टेनिस का मैच शौचालय में जीता
यह अपने आप में हैरान करने वाला मामला है कि अमेरिकन ओपन जैसे एक बड़े ग्रेण्ड स्लैम टूर्नामेंट में कोई खिलाड़ी शौचालय में ही अपना मैच जीत गया, उसे कोर्ट पर लड़ना ही नहीं पड़ा। जी हां, ये अजीबोगरीब मामला हुआ फ्रांसीसी खिलाड़ी एड्रियन मन्नारिनो और अमेरिकी खिलाड़ी बेन शेल्टन के बीच। मन्नारिनो जब शौचालय में था तो उसे पता चला कि उसने अमेरिकी ओपन के अंतिम १६ में जगह बना ली है और शेल्टन से मैच जीत गया है। दरअसल, हुआ यूं कि बीच मैच में ही बेन शेल्टन बाएं कंधे की चोट के कारण बाहर हो गए। और जब शेल्टन अपने डॉक्टर से उपचार करा रहे थे तो थोड़ी देर के लिए मन्नारीनो शौचालय चले गए थे। जी हां, चौथा सेट जीतने के बाद मन्नारिनो आराम करने के लिए मैदान से बाहर चले गए और जब कुछ मिनट बाद वापस लौटे तो उन्होंने पाया कि मैच खत्म हो चुका था और वह शेल्टन से हाथ मिला रहे थे। हालांकि, कोई विरोधी चोटिल होकर अपना खेल छोड़ देता है यह किसी भी खिलाड़ी के लिए सुखद बात नहीं होती। लिहाजा, मन्नारीनो को भी बीच मैच में खेल छोड़कर जाने वाले शेल्टन की चोट से दुख हुआ, मगर नियम के आधार पर उसकी जीत घोषित की गईं। बाद में मन्नारिनो ने हंसते हुए कहा, ‘मैं ३७ साल का हूं। यह पहली बार है, जब मैंने शौचालय से मैच जीता है।’
