गॉल टेस्ट का दूसरा दिन बारिश के नाम रहा। शुरुआती डेढ़ सेशन धुलने के बाद सिर्फ ४३ ओवर का खेल हो सका, लेकिन टीम इंडिया ने बचे समय का भरपूर फायदा उठाया। भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक ९ विकेट पर ४६० रन बना लिए। कुलदीप यादव १२ और प्रसिद्ध कृष्णा १ रन पर नाबाद लौटे। भारत की पारी के हीरो देवदत्त पडिक्कल रहे। नंबर-३ पर उतरे पडिक्कल ने शानदार १६७ रन ठोके। २३० गेंदों की पारी में उन्होंने १५ चौके और एक छक्का जड़ा। केएल राहुल ने भी ८२ रन की पारी खेली, लेकिन शतक से चूक गए। ध्रुव जुरेल ने ५१ रन बनाकर उपयोगी योगदान दिया। हालांकि रवींद्र जडेजा १३ और मानव सुथार २४ रन ही बना सके। मोहम्मद सिराज ने भी एक छक्का जड़ते हुए ११ रन बनाए। श्रीलंका की ओर से प्रभात जयसूर्या ने ४ और केशरा नुवांथा ने ३ विकेट झटके।
