सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई पुलिस को लेकर एक चौंकानेवाली खबर सामने आई है, जहां पर शिकायतकर्ता द्वारा शिकायत दर्ज करने के लिए कहे जाने पर महिला पुलिस अधिकारी ने मना कर दिया, साथ ही शिकायतकर्ता के सवाल किए जाने पर महिला पुलिस क्रोधित होकर गुंडागर्दी पर उतर आई। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
महिला पुलिस अधिकारी दुर्गा खर्डे ने शिकायतकर्ता महिला को वर्दी पर लगी नेम प्लेट और बैच फेंककर मारा। इस घटना के कारण मुंबई पुलिस के काम पर सवाल उठाए जा रहे हैं और लोग बहुत नाराज हैं। लोग पूछ रहे हैं कि क्या पुलिस के लिए अलग नियम हैं और आम लोगों के लिए अलग नियम हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो देखने के बाद लोग पुलिस के प्रति आक्रोशित नजर आए। वीडियो में महिला पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार करते देख यूजर्स का गुस्सा बढ़ता जा रहा है वे कार्रवाई की मांग कर रह रहे हैं। लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और महिला पुलिस अधिकारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। एक यूजर ने कहा कि वर्दी का दुरुपयोग करते हैं कुछ अधिकारी, लेकिन यह भी सच है कि उनमें कई अधिकारी और कर्मचारी ईमानदार हैं, जो हमेशा अच्छा काम करते हैं। इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए मुंबई पुलिस की गिरगांव एसीपी डिवीजन ने जांच शुरू कर दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वीडियो और घटना की पूरी जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
