मुख्यपृष्ठअपराधचोरों पर पुलिस का शिकंजा, मालिकों को लौटा लाखों का माल!

चोरों पर पुलिस का शिकंजा, मालिकों को लौटा लाखों का माल!


ईस्ट रीजन परिमंडल-2 के छह थानों की बड़ी कामयाबी, 42 लाख 48 हजार 486 रुपए की संपत्ति असली मालिकों के हवाले
सामना संवाददाता  / मुंबई

मुंबई में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ चोरी और अन्य मामलों में बरामद संपत्ति को उसके असली मालिकों तक पहुंचाने का पुलिस ने सराहनीय उदाहरण पेश किया है। ईस्ट रीजन परिमंडल-2 की पुलिस ने 42 लाख 48 हजार 486 रुपए का बरामद मुद्देमाल संबंधित शिकायतकर्ताओं को वापस सौंप दिया। लंबे समय बाद अपनी खोई संपत्ति हाथ में आते ही कई नागरिकों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी।

मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती की संकल्पना और पुलिस सह आयुक्त मनोजकुमार शर्मा के मार्गदर्शन में यह पहल की गई। इसके तहत ईस्ट रीजन परिमंडल-2 के घाटकोपर, पंतनगर, तिलक नगर, नेहरू नगर, चुनाभट्टी और विनोबा भावे नगर पुलिस थानों ने अलग-अलग अपराधों में बरामद संपत्ति को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसके वास्तविक मालिकों को लौटाया।

तकनीकी जांच बनी अपराधियों की ‘कुंजी’

पुलिस के मुताबिक, जबरन चोरी, घरफोड़, चेन स्नैचिंग, मोबाइल चोरी और अन्य मामलों की जांच के दौरान तकनीकी जांच समेत विभिन्न तरीकों का इस्तेमाल किया गया। जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उनके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया गया।

बरामद मोबाइल, आभूषण, वाहन और अन्य कीमती सामान को संबंधित मामलों की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शिकायतकर्ताओं को सौंपा गया। इस कार्रवाई से यह संदेश भी गया कि चोरी की घटना के बाद शिकायत दर्ज कराना और पुलिस जांच में सहयोग करना बेकार नहीं जाता।

छह थानों की पुलिस ने मिलकर लौटाया भरोसा

विशेष सामूहिक कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त, पूर्व प्रादेशिक विभाग, धनंजय कुलकर्णी और पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे की मौजूदगी में संबंधित नागरिकों को उनका सामान लौटाया गया। सामान वापस मिलने पर नागरिकों ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। अपर पुलिस आयुक्त धनंजय कुलकर्णी ने कहा कि लोगों का खोया या चोरी हुआ सामान वापस करना पुलिस के लिए खुशी और गर्व की बात है। पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे ने छहों पुलिस थानों के अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्य की सराहना की।

कार्यक्रम के आयोजन में पंतनगर पुलिस थाने की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक लता सुतार के मार्गदर्शन में संतोष गिंध, गगन गायकवाड़ और उमेश अहवाड सहित पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सहायक पुलिस आयुक्त विलास दातीर ने आभार प्रदर्शन किया, जबकि पुलिस उपायुक्त के राइडर एस.ए. शिंगारे ने सूत्रसंचालन किया।

अन्य समाचार