सामना संवाददाता / नई दिल्ली
नीट पेपर लीक मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सरकार के कदमों को ‘कॉमेडी सर्कस’ करार देते हुए सवाल उठाया कि क्या टेलीग्राम बैन करने या वायु सेना के विमान से प्रश्नपत्र भेजने जैसी घोषणाओं से पेपर लीक रुक जाएगा?
सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में केजरीवाल ने कहा कि सरकार के पास पेपर लीक रोकने की नीयत ही नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले वायु सेना के विमान से पेपर पहुंचाने की बात की गई और अब टेलीग्राम पर प्रतिबंध लगाने का पैâसला किया गया है। अगर यही उपाय हैं, तो देश के युवाओं के भविष्य के साथ मजाक किया जा रहा है।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पेपर लीक का कारोबार अरबों-खरबों रुपए का है और इसका पैसा सत्ता के शीर्ष स्तर तक पहुंचता है। उन्होंने दावा किया कि इसी पैसे का इस्तेमाल सांसदों और विधायकों की खरीद-फरोख्त में किया जाता है। उन्होंने कहा कि अगर पेपर लीक का धंधा बंद हो गया, तो राजनीतिक खरीद-फरोख्त के लिए पैसा कहां से आएगा? वहीं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कभी वायु सेना तो कभी टेलीग्राम बैन, आखिर कब तक ऐसी नौटंकी चलेगी? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार असली दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय दिखावटी कदम उठा रही है। केजरीवाल ने कहा कि जब तक जनता सड़कों पर उतरकर व्यवस्था परिवर्तन की मांग नहीं करेगी, तब तक पेपर लीक का खेल बंद नहीं होगा।
