मुख्यपृष्ठस्तंभसरोकार : मंथली पास कतार में हैं...., मेट्रो-3 की सीजन टिकट गायब!

सरोकार : मंथली पास कतार में हैं…., मेट्रो-3 की सीजन टिकट गायब!

द्रुप्ति झा

प्रशासन के प्रति यात्रियों में आक्रोश
मुंबई मेट्रो-३ के यात्री मासिक ट्रिप पास की अनुपलब्धता और मोबाइल नेटवर्क की समस्या से परेशान हैं। मेट्रो प्रशासन ने २८ अक्टूबर को घोषणा की थी कि मासिक यात्रा पास १० दिनों के भीतर उपलब्ध होंगे, लेकिन २० दिन बाद भी यह सुविधा शुरू नहीं हुई है। यात्रियों का कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी जा रही है कि यह सुविधा कब शुरू होगी।

मेट्रो-३ के यात्री अभी मेट्रो की सेवा से नाखुश नजर आ रहे हैं, यात्रियों में कहीं न कहीं मेट्रो की सुविधाओं को लेकर असंतुष्टता नजर आ रही है। वास्तव में जिस सुविधा की जरूरत लोगों को है, वो उन्हें नहीं दी जा रही है। ऐसे में यात्रियों ने प्रशासन के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया है। दरअसल, मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने २८ अक्टूबर को घोषणा की थी कि ‘कफ परेड-बांद्रा-सीप्ज-आरे अंडरग्राउंड मेट्रो-३’ मार्ग पर यात्रियों की सुविधा के लिए मासिक यात्रा पास १० दिनों के भीतर उपलब्ध होंगे, साथ ही एमएमआरसी ने मासिक ट्रिप पास में दिव्यांगों के लिए २५ प्रतिशत की छूट की भी घोषणा की थी, लेकिन दुर्भाग्य है कि इस घोषणा के २० दिन बाद भी मासिक ट्रिप पास की सुविधा शुरू नहीं हो पाई है। यात्री इस सुविधा का इंतजार कर रहे हैं। यह सुविधा कब शुरू होगी? इस बारे में पूछे जाने पर एमएमआरसी की ओर से कोई जानकारी नहीं मिल पाई। अधिकारी के अनुसार, फिलहाल मासिक ट्रिप पास के अनुरूप टिकटिंग प्रणाली में आवश्यक बदलाव करने पर काम चल रहा है।
मोबाइल का नेटवर्क भी नहीं होता है। भूमिगत मेट्रो पूरी तरह चालू होने के एक महीने बाद भी मेट्रो-३ में यात्रा करते समय यात्री अभी भी अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। आरे और आचार्य अत्रे चौक के बीच केवल वोडाफोन का नेटवर्क चालू है, जबकि आचार्य अत्रे चौक और कफ परेड के बीच कोई मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है। इसलिए यात्री जल्द से जल्द मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। इस बीच एमएमआरसी और मोबाइल कंपनियों के बीच कुछ मुद्दों को लेकर विवाद चल रहा है चूंकि यह विवाद सुलझ नहीं रहा है, इसलिए मोबाइल नेटवर्क का मुद्दा भी सुलझ नहीं पाया है।

मोबाइल नेटवर्क की समस्या
भूमिगत मेट्रो में मोबाइल नेटवर्क न होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है।
आरे और आचार्य अत्रे चौक के बीच केवल वोडाफोन का नेटवर्क चालू है, जबकि आचार्य अत्रे चौक और कफ परेड के बीच कोई मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है।
एमएमआरसी और मोबाइल कंपनियों के बीच विवाद के कारण मोबाइल नेटवर्क की समस्या अभी तक सुलझ नहीं पाई है। यात्री इन समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द करने की मांग कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि मेट्रो प्रशासन इन समस्याओं का समाधान करके उन्हें बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा।

अन्य समाचार