राजेश सरकार / प्रयागराज
हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रक्षा एवं स्त्रातेजिक अध्ययन विभाग के वरिष्ठ शिक्षक प्रोफेसर (डॉ.) दीपक के इलाहाबाद विश्वविद्यालय के रक्षा एवं स्त्रातेजिक अध्ययन विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर पद पर चयनित होकर कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर बुधवार को एक गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। शुभारंभ डॉ. अमित कुमार मिश्र के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने प्रो. दीपक के 18 वर्षों के उल्लेखनीय शैक्षणिक योगदान, विद्यार्थियों के प्रति समर्पण तथा महाविद्यालय के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका चयन पूरे संस्थान के लिए गौरव का विषय है।
इस अवसर पर प्रो. महेंद्र प्रसाद ने प्रो. दीपक के साथ अपने लंबे कार्यानुभव को साझा करते हुए उनके अनुशासन, कार्यनिष्ठा और सौहार्दपूर्ण व्यवहार की सराहना की। प्रो. मंजुलता ने उन्हें संवेदनशील शिक्षक एवं उत्कृष्ट सहकर्मी बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रो. सुवर्णा सरकार ने उनके शैक्षणिक नेतृत्व तथा विद्यार्थियों के बीच उनकी लोकप्रियता का उल्लेख किया। वहीं प्रो. सविता ने कहा कि प्रो. दीपक ने सदैव संस्थान के हित को सर्वोपरि रखा। प्रो. भास्कर शुक्ल ने उनसे जुड़े व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए उनकी कार्यशैली की प्रशंसा की। डॉ. अर्चना राय ने उनके सहयोगी एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व को रेखांकित किया, जबकि डॉ. निरुपमा ने उन्हें एक आदर्श शिक्षक बताते हुए उनके साथ बिताए गए संस्मरण साझा किए। श्री राकेश मिश्रा ने कहा कि प्रो. दीपक का व्यवहार सदैव आत्मीय, सहयोगपूर्ण और प्रेरणादायी रहा है। अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ओम प्रकाश ने कहा कि प्रो. दीपक की यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रो. दीपक अपनी प्रतिभा, अनुभव और शोधपरक दृष्टि से इलाहाबाद विश्वविद्यालय में भी उत्कृष्ट योगदान देते हुए संस्थान का नाम रोशन करेंगे। अपने संबोधन में प्रो. दीपक ने महाविद्यालय में बिताए गए 18 वर्षों की स्मृतियों को साझा किया। उन्होंने प्राचार्य, सहकर्मियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एच.एन.बी. महाविद्यालय सदैव उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा रहेगा। उन्होंने सभी के स्नेह, सहयोग और विश्वास को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं अन्य उपस्थित रहे।
