मुख्यपृष्ठनए समाचारपांच प्रॉपर्टी टैक्स बकाएदारों की संपत्तियां होंगी नीलाम!..पहली बार होगी अचल संपत्ति...

पांच प्रॉपर्टी टैक्स बकाएदारों की संपत्तियां होंगी नीलाम!..पहली बार होगी अचल संपत्ति की नीलामी

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई मनपा पांच बड़े प्रॉपर्टी टैक्स बकाएदारों की अचल प्रॉपर्टियों की नीलामी करेगी। पहली बार अचल प्रॉपर्टियों की नीलामी की जाएगी और इन प्रॉपर्टियों में अंधेरी-पश्चिम स्थित ओकवुड होटल भी शामिल है। इसके साथ ही म्हाडा का एक प्लॉट भी है। नीलामी प्रक्रिया शुरू करने से पहले मुंबई मनपा प्रशासन ने इन पांचों बकाएदारों को २१ दिन का अंतिम नोटिस जारी किया है।
मुंबई मनपा प्रशासन ने वर्षों से बड़े प्रॉपर्टी टैक्स बकाएदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इससे पहले प्रॉपर्टी टैक्स न चुकाने वाले डेवलपर्स के वाहनों को जब्त करने और उनकी नीलामी करने की कार्रवाई की जाती थी। हालांकि, अब मुंबई मनपा ने बकाएदारों की अचल प्रॉपर्टियों की नीलामी की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। मनपा अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि इस कार्रवाई से बड़े बकाएदारों पर स्वयं ही दबाव बनेगा।
बता दें कि अब तक मुंबई महानगरपालिका ने कभी भी अचल प्रॉपर्टियों की नीलामी नहीं की है। प्लॉट और इमारतों जैसी अचल प्रॉपर्टियों की नीलामी करते समय अक्सर कानूनी विवाद होते हैं जो नीलामी में बाधा डालते हैं। हालाँकि, इस बार, मुंबई महानगरपालिका ने २४ वार्डों में ऐसे बड़े बकाएदारों की अचल प्रॉपर्टियों की तलाश की है। साथ ही कानूनी विभाग के माध्यम से यह सुनिश्चित किया है कि इन प्रॉपर्टियों को लेकर कोई विवाद न हो। पांच प्रॉपर्टियां, जो किसी भी विवाद में नहीं हैं, नीलाम की जाएंगी और मुंबई महानगरपालिका ने इसके लिए एक सार्वजनिक सूचना जारी की है। अन्य संपत्तियों की जांच चल रही है और जांच पूरी होते ही नीलामी प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी, ऐसा उपायुक्त विश्वास शंकरवार ने बताया।

अन्य समाचार