सामना संवाददाता / नासिक
महाराष्ट्र कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव के बाद पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को नासिक में नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्षों से मुलाकात कर उन्हें स्पष्ट संदेश दिया कि पार्टी की विचारधारा से किसी भी कीमत पर समझौता न करें और जनता के न्याय के लिए मजबूती से संघर्ष करें। राहुल गांधी ने नए जिलाध्यक्षों से करीब दो घंटे तक संवाद किया। उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने, जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देने और सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रभावी ढंग से आवाज उठाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को आम जनता के बीच रहकर उनके अधिकारों और न्याय की लड़ाई लड़नी होगी। राज्य की समस्याओं को वे दिल्ली में उठाएंगे, ताकि जनता को न्याय मिल सकें।
-संगठन मजबूत होगा, तभी जनता की आवाज बुलंद होगी
-राहुल गांधी का कांग्रेसियों को मंत्र
नासिक दौरे पर पहुंचे लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने का मंत्र दिया। उन्होंने नेताओं से कांग्रेस की विचारधारा पर मजबूती से डटे रहने और जनता के न्याय के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। साथ ही मानसिक-शारीरिक मजबूती का संदेश भी दिया। कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य आरिफ नसीम खान के मुताबिक, राहुल गांधी ने नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों और उनके परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने सभी नेताओं को कांग्रेस की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़े रहने तथा जनता को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करने का संदेश दिया।
राहुल गांधी बुधवार सुबह नासिक पहुंचे। यहां उन्होंने महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और आदिवासी छात्रों के साथ भी संवाद किया। इसके बाद वे जिला कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे। दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर राहुल गांधी ने पार्टी पदाधिकारियों को मानसिक और शारीरिक मजबूती का महत्व समझाया। मार्शल आर्ट का अभ्यास करने वाले राहुल गांधी ने प्रतिभागियों के सामने कराटे और जूजुत्सु का प्रदर्शन भी किया।
