डॉ. रमेश ठाकुर
एनआईए ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई को अमेरिका से प्रत्यर्पित कर दिल्ली ले आई। उसे भी तिहाड़ जेल में पहले से बंद लॉरेंस के बगल वाले बैरक में रखा गया है। जल्द ही उसे मंडोली जेल में शिफ्ट किया जाएगा। अनमोल को महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या का मुख्य साजिशकर्ता माना जाता है। जेल के वरिष्ठ अधिकारियों ने उसके आने की पुष्टि की। अमेरिका से उसे १९ नवंबर को डिपोर्ट कर सुबह ९ बजे आईजीआई एयरपोर्ट से उसे सीधे तिहाड़ जेल भेजा गया। बता दें कि अनमोल बिश्नोई को पिछले वर्ष वैâलिफोर्निया में हिरासत में लिया गया था। उसके पास एक फर्जी रूसी पासपोर्ट बरामद हुआ था। सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी इसका नाम है।
दिल्ली विश्वविद्यालय की रैंकिंग में सुधार
वर्ल्ड यूनिवर्सिटीज रैंकिंग- २०२६ के जारी आंकड़ों में दिल्ली विश्वविद्यालय ने लंबी छलांग लगाई है। २९९ में २४१वां स्थान हासिल किया है। हालांकि, अभी और सुधार की जरूरत है। डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह का कहना है कि ये उपलब्धि विश्वविद्यालय की पारदर्शिता, सामाजिक प्रतिबद्धता और सतत विकास के लक्ष्यों पर केंद्रित नीतियों की सफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष रैंकिंग में और इजाफे के लिए प्रयास किए जाएंगे।
टेलीविजन दिवस पर विश्वसनीयता की चर्चा
भारत की टीवी पत्रकारिता पर दर्शक अब ज्यादा इत्तेफाक इसलिए नहीं करते, क्योंकि उसने अपनी साख तकरीबन-तकरीबन खो दी है। कुछ थोड़ी-बहुत बची है, तो उसे भी धीरे-धीरे खोने पर उतारू है। मीडिया चैनलों में परोसी जाने वाली न्यूज सामग्रियों में झूठ की भरमार है। आज ‘विश्व टेलीविजन दिवस’ होने के बावजूद दर्शकों में उत्साह नहीं दिखता? भारत-पाकिस्तान के बीच ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय मीडिया का लाहौर में कब्जा करने की झूठी खबरों ने पूरे संसार में घोर बेइज्जती कराई। उसके बाद विश्वसनीयता की रैंकिंग में बेतहाशा गिरावट हुई। इस समय भारतीय मीडिया की वर्ल्ड रैंकिंग १८० में १५१ पर है। ये रैंकिंग अब तक के सबसे निचले पायदान पर है।
केंद्र के २० वर्ष पुराने वाहनों पर बढ़ाए फिटनेस शुल्क का विरोध
केंद्रीय परिवहन मंत्रालय ने २० बरस पुराने वाहनों के फिटनेस टेस्ट शुल्क में बेतहाशा वृद्वि की है। सात गुना शुल्क बढ़ाया है। इस निर्णय का व्यापारी और ट्रांसपोर्ट कंपनी वाले काफी विरोध कर रहे हैं। आदेश के मुताबिक, हल्के मोटर वाहनों के लिए शुल्क १५,००० रुपए और ट्रकों-बसों के लिए २५,००० रुपए किया गया है, वहीं वाणिज्यिक वाहन अब १० वर्ष की आयु से ही उच्च शुल्क स्लैब में आएंगे। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने एनसीआर में पुराने वाहनों पर कार्रवाई न करने का आदेश दिया था, लेकिन केंद्र सरकार ने यहां अपनी मनमानी की है।
१०वीं बार मुख्यमंत्री बनकर `पलटू’ बाबू ने बनाया रिकॉर्ड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में नीतीश कुमार ने १०वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर बड़ा रिकॉर्ड बनाया। गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह आदि नेता मौजूद रहे। नीतीश कुमार के साथ उनके २५ मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण की। नीतीश की शपथ पर उनके समर्थकों ने जश्न मनाते आपस में लड्डू बांटे। नीतीश कुमार की शपथ पर विपक्ष ने चुटकी ली, आरजेडी की ओर से कहा गया कि नीतीश को बहुत जल्दी मुख्यमंत्री पद से हटाकर भाजपा अपना मुख्यमंत्री बनाएगी।
