मुख्यपृष्ठनए समाचारमातम में बदली धार्मिक यात्रा!..पंढरपुर में कुआं बना काल!

मातम में बदली धार्मिक यात्रा!..पंढरपुर में कुआं बना काल!

-दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा टेंपो कुएं में गिरा…१४ की दर्दनाक मौत

सुनील ओसवाल / मुंबई

महाराष्ट्र के पंढरपुर में रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक पिकअप टेम्पो अचानक अनियंत्रित होकर कुएं में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में १४ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंढरपुर तालुका के रांजणी गांव के श्रद्धालु म्हसवड स्थित सिद्धनाथ मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु पिकअप वाहन से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मालशिरस तालुका के तांदुलवाडी गांव के पास वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और तेज रफ्तार पिकअप सीधे सड़क किनारे स्थित एक कुएं में जा गिरा।
हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार अधिकांश लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। चीख-पुकार सुनते ही स्थानीय ग्रामीणों ने घटनास्थल की ओर दौड़ लगाई और राहत कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक कई लोगों की मौत हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुएं में गिरने के बाद वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन दल और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। कुएं से शवों और वाहन को बाहर निकालने के लिए बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया गया। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग पंढरपुर तालुका के रांजणी गांव के निवासी हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है, क्योंकि कुछ लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस कुएं में यह दुर्घटना हुई, वहां पहले कभी ऐसा हादसा नहीं हुआ था। इसलिए इस त्रासदी ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। धार्मिक यात्रा से लौट रहे परिवारों पर अचानक टूटा यह दुख का पहाड़ पूरे महाराष्ट्र को स्तब्ध कर गया है। फिलहाल प्रशासन ने घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर पैâलते ही पंढरपुर और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।
ओवरलोडिंग और लापरवाही से हुआ हादसा
ग्रामीण इलाकों में श्रद्धालुओं और यात्रियों को ढोने के लिए पिकअप वाहनों के इस्तेमाल पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और क्षमता से अधिक सवारियां बैठाना अक्सर बड़े हादसों की वजह बनता है। पंढरपुर की यह त्रासदी भी सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की जरूरत को रेखांकित करती है।

अन्य समाचार