राजेश सरकार / प्रयागराज
रिटायर्ड फौजी की बेटी ने पिता के लाइसेंसी पिस्तौल से खुद को गोली मार ली। गोली उसके कंधे पर लगी है। उसे गंभीर हालत में शहर के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला करेली थाना क्षेत्र के सदियापुर मोहल्ले का है। छात्रा ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनते ही घरवाले उसके कमरे में पहुंचे। जहां वह लहूलुहान हालत में मिली। परिजन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में छात्रा को स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। मूलतः मध्य प्रदेश के रीवा त्यौंथर बाबूपुर के रहने वाले धर्मराज सिंह आर्मी से रिटायर्ड हैं। वह प्रयागराज के करेली थाना क्षेत्र के सदियापुर मोहल्ले
में मकान बनाकर परिवार संग रहते हैं। आर्मी से रिटायर्ड होने के बाद वह राजेंद्र सिंह रज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं। पिता के मुताबिक, ड्यूटी से लौटने के बाद घर आए और अपनी पिस्टल पलंग पर रख दिए। इसके बाद उनकी बेटी मुस्कान (21) पहुंची और पिता की लाइसेंसी पिस्टल उठाकर खुद को गोली मार ली। घरवालों के मुताबिक, बेटी की दिमागी हालत ठीक नहीं है। इलाकाई पुलिस मामले की तह तक जाने की कोशिश में है।
