-रोहित पवार के आंदोलन को मिला जनसमर्थन
-जनसमस्याओं को लेकर सरकार से न्याय की मांग तेज
सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य की विभिन्न समस्याओं के निवारण और किसानों के संपूर्ण कर्जमाफी मांग को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस के विधायक रोहित पवार का अन्नत्याग आंदोलन अब महायुति सरकार के लिए बड़ी राजनीतिक चुनौती बनता जा रहा है। आंदोलन के तीसरे दिन मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटील, किसान स्वाभिमान संगठन के अध्यक्ष राजू शेट्टी और विधायक बच्चू कडू के प्रहार संगठन ने खुलकर समर्थन देकर सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है।
आंदोलन स्थल पर पहुंचे मनोज जरांगे पाटील ने कहा कि राज्य की जनता को न्याय मिलना ही चाहिए और एक किसान होने के नाते सभी लोगों को रोहित पवार के आंदोलन का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसान बचा रहेगा तो समाज और देश भी बचेगा। किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार की उदासीनता पर सवाल उठाते हुए जरांगे ने कहा कि ऐसी नौबत नहीं आनी चाहिए थी कि किसी जनप्रतिनिधि को किसानों के हक के लिए अन्नत्याग आंदोलन करना पड़े।
मनोज जरांगे ने सरकार को अप्रत्यक्ष संदेश देते हुए कहा कि यदि सरकार बातचीत के लिए बुलाती है तो समाधान निकालना चाहिए, लेकिन किसानों को न्याय मिलना सबसे जरूरी है।
