-युवक से मारपीट और लूट का आरोप
-नगरसेविका हेमलता सिंह समेत कई नामजद, दो गिरफ्तार
सुनील ओसवाल / मुंबई
फेसबुक पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर नालासोपारा में विवाद बढ़ गया। मामले में शिंदे गुट की नगरसेविका तथा नेता हेमलता सिंह समेत उनके समर्थकों के खिलाफ तुलिंज पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में एक युवक को बुलाकर मारपीट करने के साथ ही सोने की चेन और मोबाइल छीनने का आरोप लगाया गया है। पुलिस के मुताबिक, विवाद की शुरुआत फेसबुक पर विश्वकर्मा नामक व्यक्ति की एक पोस्ट को लेकर हुई। शिकायत के अनुसार, अर्जुन दुबे ने विश्वकर्मा को नालासोपारा के एक होटल में मिलने के लिए बुलाया। वहां हेमलता सिंह और उनके सहयोगी अमरीश मौजूद थे।
एफआईआर में आरोप है कि होटल पहुंचते ही विश्वकर्मा के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। बांबू की लाठियों से हमला करने का भी आरोप है। शिकायतकर्ता ने सोने की चेन और करीब २० हजार रुपए का स्मार्टफोन छीनने का आरोप भी लगाया है।
घटना के बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायतें मिली हैं और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हेमलता सिंह समेत कुछ अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल, आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। हेमलता सिंह और अन्य आरोपियों का पक्ष भी सामने नहीं आया है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी। एक फेसबुक कमेंट से शुरू हुआ विवाद अब एफआईआर और गिरफ्तारी तक पहुंच गया है।
विवाद ने लिया हिंसक मोड़
फेसबुक पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद नालासोपारा में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। युवक को होटल में बुलाकर मारपीट करने, लाठी से हमला और चेन-मोबाइल छीनने के आरोप में तुलिंज पुलिस ने केस दर्ज किया है। दो आरोपी गिरफ्तार हैं, जबकि हेमलता सिंह समेत अन्य की तलाश जारी है।
