-पुणे में मुख्यमंत्री का घेराव, पुलिस की तत्परता से बच निकले सीएम
सामना संवाददाता / मुंबई
आरक्षण को लेकर शुरू आंदोलन से महाराष्ट्र में तनाव और राजनीतिक हलचल बढ़ती दिखाई दे रही है। सरकार तमाम चेतावनी के बाद भी आरक्षण की मांग करने वाले आंदोलनकारियों को हल्के में ले रही है। ऐसे में बुधवार को आरक्षण की आग का पहला झटका सीएम फडणवीस को लगा है। मुख्यमंत्री फडणवीस केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल के निवास पर गणेश दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान मराठा आंदोलनकारी वहां पहुंच गए और मुख्यमंत्री के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू करते हुए घेराव किया। हालांकि, पुलिस की तत्परता से वे वहां से बच निकले।
बता दें कि एक तरफ मनोज जरांगे पाटील मुंबई की ओर बढ़ रहे हैं, तो दूसरी तरफ राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मराठा आंदोलनकारियों के विरोध प्रदर्शन तेज हो रहे हैं। पुणे में बुधवार को मराठा प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को घेरने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन नारेबाजी जारी रहने पर कई आंदोलनकारियों को हिरासत में ले लिया गया। बाद पुलिस ने भीड़ को तीतर-बितर किया और सीएम के लिए रास्ता बनाया।
