राजेश सरकार / प्रयागराज
भारत की ह्नदयस्थली मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और तेजतर्रार भाजपा नेत्री साध्वी उमा भारती ने मंगलवार को प्रयागराज में गंगा स्वच्छता व श्रद्धा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संगम नोज पर बड़ी संख्या में गंगा भक्तों व समर्थकों संग पहुंच कर गंगा में पवित्र पांच डुबकी लगाई। उन्होने बोला पहली डुबकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया। पीएम और सीएम ने कुंभ की व्यवस्था को अत्यंत सुचारू व भव्य बनाया। दूसरी डूबकी संत समाज के लिए थी, जो हमारी आध्यात्मिक शक्ति का केंद्र है। तीसरी डुबकी प्रयागराजवासियों के प्रति कृतज्ञता के लिए थी, जिन्होने इतने सद्भाव से सहयोग दिया। चौथी डूबकी उन सभी श्रद्धालुओं को अर्पित है जो तपस्या कर करोड़ों की संख्या में संगम तट पर पहुंचे। पांचवी डूबकी हमारे संकल्प की थी। गंगा को अविरल, निर्मल और निरंतर बनाए रखने की ताकि गंगा सागर तक उसका प्रवाह शुद्ध बना रहे। उन्होने कहा कि गाय और गंगा का संरक्षण करना हमारी सामुहिक जिम्मेदारी है। बता दें कि चार नवम्बर को केंद्र सरकार ने गंगा को राष्ट्रीय नदी घोषित किया था। इसलिए भी उमा भारती ने चार नवम्बर को संकल्पों की पांच डूबकी लगाई। उन्होने देश में वन नेशन वन इलेक्शन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह जरूर लागू होगा।
