हिमांशु राज
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने जिम उपकरण निर्माण कंपनी जेराई फिटनेस के साथ 7.24 करोड़ रुपये के कानूनी विवाद को सुलझा लिया है। इस समझौते के बाद सलमान खान ने राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) में दायर अपनी अपील वापस ले ली है। यह मामला उनके फिटनेस ब्रांड बीइंग स्ट्रॉन्ग और जेराई फिटनेस के बीच हुए ट्रेडमार्क लाइसेंसिंग समझौते से संबंधित था।
रिपोर्ट के अनुसार, दोनों के बीच यह साझेदारी वर्ष 2018 में शुरू हुई थी। इस समझौते के तहत, जेराई फिटनेस को बीइंग स्ट्रॉन्ग नाम से जिम उपकरण बनाने और बेचने का अधिकार दिया गया था। बाद में 2019 में इस अनुबंध में कुछ संशोधन किए गए और अगस्त 2023 में इसे एक नए समझौते के तहत दोबारा नवीनीकृत किया गया। हालांकि, कारोबारी शर्तों को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद बढ़ते गए, जिसके चलते मामला कानूनी स्तर तक पहुंच गया था।
अब समझौते के बाद मामला पूरी तरह सुलझा लिया गया है, जिससे सलमान खान की कंपनी और जेराई फिटनेस दोनों ने आगे किसी भी आपसी विवाद को समाप्त करने का निर्णय लिया है। यह कदम न सिर्फ कानूनी जटिलताओं को समाप्त करता है, बल्कि सलमान खान के फिटनेस व्यवसाय को भी नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है।
