शिंदे गुट में फूट की साजिश का सनसनीखेज आरोप
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र की सियासत में मराठा और ओबीसी आरक्षण का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक टकराव का केंद्र बनता दिखाई दे रहा है। इस बीच शिंदे गुट के नेता और राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत और भाजपा नेता प्रसाद लाड पर बेहद गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगा हैं। ओबीसी समाज के एक नेता ने स्पष्ट रूप से कहा कि इन दोनों नेताओं ने उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का गेम प्लान किया है। शिंदे को उप मुख्यमंत्री पद से हटाकर उदय सामंत को उप मुख्यमंत्री बनाने की साजिश शुरू है। इसके लिए प्रसाद लाड महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। ओबीसी आंदोलनकारी नवनाथ वाघमारे ने कहा कि उप मुख्यमंत्री पद पर उदय सामंत की काली नजर पड़ चुकी है।
वाघमारे ने दावा किया कि यदि आने वाले दिनों में मराठा और ओबीसी समाज के बीच तनाव बढ़कर हिंसक संघर्ष में बदलता है, तो इसके लिए उदय सामंत और प्रसाद लाड जिम्मेदार होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों नेता मरतहा समाज को भड़का रहे हैं। इस विवाद को लगातार गर्म कर रहे हैं।
मीडिया से बातचीत करते हुए वाघमारे ने सीधे तौर पर उदय सामंत की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं पर निशाना साधा। उनका दावा है कि सामंत की नजर अब उप मुख्यमंत्री पद पर है और इसी राजनीतिक समीकरण के तहत वे एकनाथ शिंदे को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
वाघमारे ने यह भी दावा किया कि उदय सामंत पहले भाजपा के संपर्क में थे और शिंदे गुट में एक अलग गुट तैयार करने की रणनीति पर काम कर रहे थे।
