मुख्यपृष्ठनए समाचारपालघर में सफाई कर्मियों की हड़ताल...शहर में लगे कचरे के ढेर!

पालघर में सफाई कर्मियों की हड़ताल…शहर में लगे कचरे के ढेर!

सामना संवाददाता / मुंबई

पालघर शहर की सफाई करने वाले ठेका कर्मियों ने वेतन वृद्धि संबंधी वादे पूरे न करने पर हड़ताल कर दी है, जिसके कारण शहर में कई जगहों पर कचरे के ढेर जमा हो गए हैं। नए कचरा ठेके को लेकर तत्कालीन महापौर द्वारा दिया गया बयान कि नया ठेकेदार सफाई कर्मियों को वेतन वृद्धि देगा, झूठा निकला है। इसके कारण शहर में १९ कचरा गाड़ियां बंद हो गई हैं तथा सड़क और सीवर की सफाई का काम भी ठप हो गया है।
जून २०२३ में पालघर नगर परिषद ने कचरा ठेके का नवीनीकरण कर उसमें भारी बदलाव किए थे। इसके कारण तत्कालीन महापौर ने इस नए बढ़े हुए ठेके के अवसर पर कहा था कि शहर में काम करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को २२ से २५ हजार रुपए वेतन मिलेगा। इसके कारण पालघर मनपा द्वारा हर महीने १७-२० लाख रुपए का कचरा इकट्ठा करने पर आने वाला खर्च ४५ से ५० लाख रुपए तक पहुंच गया था। दरअसल पुराने ठेकेदार के लिए काम करते समय सफाई कर्मचारियों को करीब साढ़े १२ हजार रुपए हाथ में मिल रहे थे। लेकिन, नए ठेकेदार के लिए काम करने वाले कर्मचारी को अन्य टैक्स काटने के बाद १४,७०० रुपए मिल रहे हैं इसलिए उसने पिछले महीने वेतन बढ़ोतरी की मांग की थी। पिछले महीने भी जब इन संविदा सफाई कर्मचारियों ने एक दिन की सांकेतिक हड़ताल की थी, तब उन्हें आश्वासन दिया गया था कि अगले महीने से वेतन बढ़ोतरी मिलेगी। लेकिन, कल दिए गए वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं होने से पालघर शहर में काम करने वाले १७५ से २०० संविदा सफाई कर्मचारियों ने कल सुबह से हड़ताल कर दी है।

अन्य समाचार