-पीओके को बताया पाकिस्तान का हिस्सा!
-हिंदुस्थान में निषेध हुआ तेज
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
अमेरिका के रक्षा विभाग के नक्शे में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) को भारत के बजाय पाकिस्तान के नियंत्रण वाले क्षेत्र के रूप में दर्शाया गया है। अमेरिका द्वारा जारी इस नक्शे को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। जिसे लेकर हिंदुस्थान में कड़ी नाराजगी देखने को मिल रही है। इस घटनाक्रम ने भारत की क्षेत्रीय अखंडता और अमेरिका की रणनीतिक मंशा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल, अमेरिकी रक्षा विभाग ने १६ जून २०२६ को अपनी सैन्य कमान का नाम बदलते हुए ‘इंडो-पैसिफिक कमांड की जगह फिर से ‘यूएस पैसिफिक कमांड’ कर दिया। इस घोषणा के साथ जारी किए गए नक्शे में भारत की सीमाओं का चित्रण विवाद का कारण बन गया है। विवादित नक्शे में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों को भारत के मानचित्र से अलग दिखाए जाने का दावा किया जा रहा है। विशेष रूप से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) को भारत का हिस्सा नहीं दर्शाया गया है। इसके अलावा अक्साई चिन क्षेत्र को भी भारत से अलग दिखाया गया है, भारत लगातार यह स्पष्ट करता रहा है कि संपूर्ण जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उसका अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा हैं। ऐसे में अमेरिकी संस्थान द्वारा जारी इस प्रकार के नक्शे को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक माना जा रहा है।
