-मौत का प्राथमिक कारण हो सकता है एंटी एजिंग ड्रग्स
खूशबू सिंह / मुंबई
कहीं नेम और फेम के चक्कर में जिंदगी के साथ खिलवाड़ तो नहीं कर बैठी शेफाली जरीवाला? ये बड़ा सवाल इसलिए उठ रहा है, क्योंकि उनके फ्लैट से पुलिस को एंटी एजिंग और विटामिन की दवाइयां मिली हैं। बताया जा रहा है कि पिछले करीब ८ साल से वो खुद को खूबसूरत, फिट और जवान बनाए रखने के लिए कई तरह की दवाइयों का सेवन कर रही थीं। पुलिस सूत्रों से मीडिया में आई खबरों के अनुसार, घटना के दिन शेफाली ने भूखे पेट ग्लूटाथियोन का इंजेक्शन लिया था। ये एक एंटी एजिंग ड्रग्स है। ऐसी अटकलें हैं कि शेफाली की मौत का यह प्राथमिक कारण हो सकता है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि कहीं आकर्षक शरीर पाने के चक्कर में शेफाली कुदरत को चुनौती तो नहीं दे रही थीं?
घर पर थी सत्यनारायण पूजा, नायिका ने रखा था उपवास
२७ जून को शेफाली ने अपने घर पर सत्यनारायण भगवान की पूजा रखी थी। इसी कारण उस दिन उन्होंने उपवास रखा था।
शेफाली जरीवाला ने गत २७ जून को अपने घर पर सत्यनारायण भगवान की पूजा रखी थी। पूजा के कारण उन्होंने उपवास रखा था। पूरे दिन खाली पेट रहने के बावजूद एक्ट्रेस ने एंटी एजिंग इंजेक्शन लिया था और उसी के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी। चर्चा है कि अगर उन्होंने इस बारे में सावधानी बरती होती तो उनकी जान बच सकती थी।
बता दें कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में डॉक्टर के हवाले से ये भी कहा गया है कि इन दवाइयों का असर उनके दिल पर नहीं हो सकता, लेकिन सवाल उठना तो फिलहाल लाजिमी लग रहा है, क्योंकि सिर्फ ४२ साल की उम्र में इस तरह हार्ट अटैक से मौत हो जाना कोई छोटी-मोटी बात नहीं हो सकती। यकीनन कुछ न कुछ चूक तो हुई है।
बता दें कि जाने माने सिंगर और डांसर माइकल जैक्सन भी खुद को गोरा बनाने की चाह में कई दवाइयों का सेवन करते थे और दवाइयों के अधिक डोज लेने की वजह से उनका दिल कमजोर पड़ गया और अंतत: उन्हें इस दुनिया को अलविदा कहना पड़ा था। ऐसे में ये बहुत बड़ा सवाल है कि आकर्षक शरीर पाने के चक्कर में कुदरत को चुनौती देने की क्या आवश्यकता है?
