रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और समाजसेवा के प्रति समर्पण की मिसाल पेश करते हुए शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे पक्ष) के शिव सैनिकों ने नालासोपारा=पश्चिम में ‘ज्येष्ठ नागरिक कट्टा’ का लोकार्पण किया। यह आयोजन स्थानीय शिव सैनिकों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए बैठने और संवाद करने के उद्देश्य से किया गया, ताकि बुजुर्गों को समय बिताने और सामाजिक मेलजोल का एक स्नेहिल केंद्र मिल सके।
यह कट्टा हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख श्री बालासाहेब ठाकरे के नाम से समर्पित किया गया। लोकार्पण समारोह का आयोजन 1 नवंबर, शनिवार को सुबह 10 बजे नालासोपारा पश्चिम स्थित विनय कॉम्प्लेक्स में किया गया। इस अवसर पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष के जिला प्रमुख प्रवीण म्हाप्रलकर ने ‘ज्येष्ठ नागरिक कट्टा’ का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में नालासोपारा शहर प्रमुख प्रणव खामकर, उपशहर प्रमुख मनोहर पाटिल, युवा सेना जिला सचिव प्रतीक जाधव, उप विभाग प्रमुख नरेंद्र चालके, पूर्व उप विभाग प्रमुख प्रमोद राजे, दिनेश बहुतुले, श्रीमती नर्मदा चालके, प्रिंस डिग्रवाल, तथा मनसे विभाग अध्यक्ष दिलीप नेवाले सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उपशहर प्रमुख मनोहर पाटिल ने बताया कि विनय नगर क्षेत्र में वरिष्ठ नागरिकों के बैठने की कोई उचित व्यवस्था नहीं थी, जिसके चलते उन्हें रोजमर्रा के जीवन में असुविधा होती थी। स्थानीय शिव सैनिकों ने इस समस्या को समझते हुए न केवल बैठक स्थल की व्यवस्था की, बल्कि इसे एक स्थायी सामाजिक पहल का रूप दिया।
उन्होंने कहा, “वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की रीढ़ हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से ही समाज सही दिशा पाता है। शिवसेना हमेशा से समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करती रही है और यह ‘ज्येष्ठ नागरिक कट्टा’ उसी सेवा भावना का प्रतीक है।”
इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने शिव सैनिकों के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि इससे उन्हें सामाजिक मेलजोल, विश्राम और संवाद का एक सुंदर स्थान मिला है।
कार्यक्रम के अंत में शिव सैनिकों ने यह संकल्प लिया कि इस ‘ज्येष्ठ नागरिक कट्टा’ को केवल बैठने की जगह नहीं, बल्कि बुजुर्गों के अनुभव साझा करने, सांस्कृतिक चर्चा और सामुदायिक एकता का केंद्र बनाया जाएगा।
