मुख्यपृष्ठटॉप समाचारकल शिवसेना का अभूतपूर्व दशहरा सम्मेलन... शिवतीर्थ पर गूंजेगी ठाकरे की आवाऽऽज!

कल शिवसेना का अभूतपूर्व दशहरा सम्मेलन… शिवतीर्थ पर गूंजेगी ठाकरे की आवाऽऽज!

सामना संवाददाता / मुंबई

समय बदल गया, नेता बदल गए, परिस्थिति बदल गई, लेकिन शिवसेना का मराठी स्वाभिमान और हिंदुत्ववादी विचार आज भी उसी तेज के साथ चमक रहा है। हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे से उन विचारों का सोना मराठी माणुस ने पिछले कई दशकों से खूब लूटा है और उसी से प्रेरणा ली है। आज भी वह परंपरा कायम है। दो अक्टूबर को शिवतीर्थ पर शिवसेना का इस वर्ष होनेवाला दशहरा सम्मेलन अभूतपूर्व होनेवाला है। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे की तोप इस सम्मेलन में गरजेगी।
शिवसेना का दशहरा सम्मेलन इस साल भी उसी धूमधाम, उत्साह और अनुशासन में संपन्न होनेवाला है। राजनीतिक परिस्थिति, मूसलाधार बारिश से बेहाल हुए किसान, सरकार की ओर से उन्हें मदद देने में होनेवाली देरी, स्थानीय निकायों के होनेवाले चुनाव इन सभी मुद्दों पर उद्धव ठाकरे क्या बोलेंगे, शिवसैनिकों को क्या संदेश देंगे, महाराष्ट्र के हित के लिए क्या गर्जना करेंगे, इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।
दशहरा सम्मेलन से शिवसेनाप्रमुख द्वारा दिए गए तेजस्वी विचारों से समाज मन जागृत हुआ। बालासाहेब के विचारों ने राजनीतिक दिशा बदल दी। आज भी उनके राष्ट्र हित और महाराष्ट्र हित के विचारों को लेकर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में शिवसेना की यात्रा निरंतर जारी है। दशहरा सम्मेलन की उत्कृष्ट तैयारी शिवतीर्थ पर शुरू है। सम्मेलन के लिए भव्य और आकर्षक मंच बनाया जा रहा है। इसमें राज्य और देश के कोने-कोने से आने वाले असंख्य शिवसैनिकों की व्यवस्था के लिए सुरक्षा और मनपा यंत्रणा के साथ समन्वय बैठकें, स्वास्थ्य शिविर इत्यादि की पूर्व तैयारी शिवसेना ने पूरी कर ली है।
शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे सहित शिवसेना के सभी नेता, उपनेता, सांसद, विधायक, पूर्व नगरसेवक आदि जनप्रतिनिधि इस रैली में उपस्थित रहनेवाले हैं। शिवसेना के सभी जिलाप्रमुख, संपर्कप्रमुख, उप जिलाप्रमुख, तालुकाप्रमुख, महिला जिला संगठक सहित राज्य के लाखों शिवसैनिक और शिवसेना प्रेमी जनता भी इस अभूतपूर्व रैली के साक्षी बनने वाले हैं।
शस्त्रपूजा, सोना वितरण और रावण दहन
महाराष्ट्र की संस्कृति और परंपरा को कायम रखते हुए शिवतीर्थ पर सोना वितरण, शस्त्रपूजा और साथ ही रावण दहन भी होगा। इसी के साथ ही विभिन्न माध्यमों के जरिए हिंदुस्थान के घर-घर में शिवसेना के विचार पहुंचने वाले हैं।
दूसरा टीजर लॉन्च
विचार ठाकरे का… आवाज महाराष्ट्र की दशहरा सम्मेलन का पहला टीजर शिवसेना ने कुछ दिन पहले लॉन्च किया था। ‘परंपरा विचारों की… धधकती मशाल की! महाराष्ट्र हित के लिए होने वाली गर्जना ठाकरे की!!’ इस तरह का अभिवचन उसमें दिया गया था। कल दूसरा टीजर लॉन्च किया गया। ‘शिवसैनिकों को ऊर्जा देने वाला, महाराष्ट्र की आत्मचेतना जगानेवाला, उन्नति की दिशा तय करनेवाला, हिंदुत्व की हुंकार भरनेवाला’ ऐसा दशहरा सम्मेलन का उल्लेख किया गया है।

अन्य समाचार