मुख्यपृष्ठस्तंभझांकी: दतिया- अपने ने डुबोया

झांकी: दतिया- अपने ने डुबोया

अजय भट्टाचार्य

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने जिस उम्मीदवार को वोट काटने के लिए चुनाव मैदान में उतारा था, उसने ही भाजपा की नैया डुबो दी। यहां कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ६६,७५७ वोट हासिल कर पार्टी की सीट बचाने में सफल रहे। भाजपा के आशुतोष तिवारी ६०,७४१ वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे, जबकि आजाद भारत पार्टी (कांशीराम) के दामोदर यादव (मंडल) २२,५२७ मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जिन्हें भाजपा द्वारा ही कांग्रेस के दलित वोट काटने के लिए खड़ा किया गया था। पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्र के बूथ पर भी भाजपा पिछड़ गई। भीम सेना के हरदास कुशवाहा को सबसे कम ११२ वोट मिले।
दंभ चकनाचूर
बिहार की राजधानी पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट से जुड़ी भाजपा की प्रतिष्ठा को उपचुनाव में जबरदस्त ठेस लगी। कुत्ता-बिल्ली तक को भाजपा के टिकट पर चुनाव जिताने के दंभ को वोटरों ने चकनाचूर कर दिया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपनी ही सीट नहीं जिता सके। हालात यहां तक विपरीत थे कि इनके बूथ पर हारने के साथ ही भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार और टिकट पाकर भी न लड़ने वाले अभिषेक बंटी के बूथ पर भी पार्टी को झटका लगा। मतगणना के पहले राउंड से आखिरी ३२वें राउंड तक जन सुराज पार्टी उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने बढ़त बनाए रखी और ६४,१५१ मत पाकर विजयी हुए। भाजपा के नीरज कुमार को ४८,४२७ व राजद की रेखा कुमारी को १४,२७३ मत मिले। यहां सबसे कम ७० वोट निर्दलीय उम्मीदवार बृजेश पटेल को मिले।
दिल्ली जाना मना है?
कावेरी डेल्टा सिंचाई किसान संघों के महासंघ के सदस्य, तमिलनाडु के लिए कावेरी का पानी तुरंत छोड़े जाने की मांग को लेकर नई दिल्ली में प्रदर्शन करने के लिए ट्रेन से जा रहे थे। मगर धरना प्रदर्शन से डरने वाली केंद्र सरकार के इशारे पर इन किसानों को महाराष्ट्र पुलिस ने नागपुर में उतरने पर मजबूर किया और उनकी मर्जी के बिना वापस तमिलनाडु भेज दिया। प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व कर रहे महासंघ के अध्यक्ष के.वी. एलानकीरन द्वारा यात्रा जारी रखने की बार-बार गुजारिश के बावजूद पुलिस ने उन्हें जबरन तमिलनाडु एक्सप्रेस में बिठा दिया। किसानों ने ४ अगस्त को केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के दफ्तर के सामने प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार हैं तथा व्यंग्यात्मक लेखन में महारत रखते हैं।)

अन्य समाचार