बैंक कैशियर ही निकला लुटेरा
यूनियन बैंक का कैशियर ३२ लाख रुपए लेकर फरार
सामना संवाददाता / मुंबई
दक्षिण मुंबई स्थित एक बैंक कैशियर ही लुटेरा निकला। कैशियर ने बड़ी चालाकी से ब्रांच में रखा ३२ लाख वैâश लुटा और फरार हो गया। पुलिस सरगर्मी से फरार आरोपी की तलाश कर रही है। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की भुलेश्वर ब्रांच के ५८ साल के कैशियर पर आरोप है कि वह ब्रांच के स्ट्रांग रूम की चाबियां लेकर चुपचाप ३२ लाख रुपए लेकर भाग गया। वीपी रोड पुलिस ने रवींद्र सुर्वे नाम के कैशियर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की, जो पिछले साल २५ नवंबर से ब्रांच के मेन कैशियर के तौर पर काम कर रहा था। एफआईआर डिप्टी ब्रांच हेड प्रजय मोहरन्ना (३५) की शिकायत के बाद दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, मोहरन्ना नए अकाउंट खोलने, कैश जमा करने और निकालने, आरटीजीएस, ट्रांजैक्शन, फिक्स्ड डिपॉजिट और चेक क्लियरेंस जैसे जरूरी बैंकिंग काम देखते थे है। उनके अलावा, ब्रांच में दो ऑफिसर, दो क्लर्क और एक कैशियर, सुर्वे थे। जांच करनेवालों ने कहा कि सुर्वे की मुख्य जिम्मेदारी दिन भर के कैश की रसीदें और पेमेंट गिनना और डिप्टी ब्रांच हेड के साइन लेने के बाद पैसे ब्रांच के स्ट्रांग रूम में जमा करना था। लेकिन, सुर्वे कैश की गिनती पूरी किए बिना या जरूरी साइन लिए बिना ब्रांच से गायब गया। इससे भी ज्यादा चिंता की बात यह थी कि वह स्ट्रांग रूम की चाबियां लेकर भी फरार हो गया था। पुलिस ने बताया कि दूसरी चाबी की मदद से और सीनियर बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में, स्ट्रांग रूम खोला गया। वहां जो मिला, उससे ब्रांच में हड़कंप मच गया। वॉल्ट में करीब ४३ लाख रुपए होने की उम्मीद थी, लेकिन अधिकारियों को अंदर सिर्फ १० लाख रुपए मिले, जिससे करीब३२ लाख रुपए कैश कम होने का पता चला।
