-कहा- मुन्ना बजरंगी से मेरी हत्या कराना चाहते थे पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक विनोद सिंह
-भाजपा विधायक विनोद सिंह के पीआरओ ने आरोपों को नकारा, कहा- गिरफ्तारी से बचने के लिए फ्रॉड की आरोपी महिला कर रही ‘प्रपंच’
सामना संवाददाता/सुल्तानपुर। अवध क्षेत्र के सुल्तानपुर जिले में धोखाधड़ी व जालसाजी मामले में नामजद एक चर्चित महिला के ‘वायरल ऑडियो’ ने क्षेत्रीय सियासत में उफान ला दिया है। हालांकि, उसके द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किया गया यह ऑडियो अपुष्ट है। दावा है कि इस ऑडियो में सुल्तानपुर के भाजपा विधायक विनोद सिंह बाहुबली भद्र बंधुओं (पूर्व विधायक चंद्र भद्र सिंह सोनू व पूर्व प्रमुख यशभद्र सिंह मोनू) की हत्या कराने के लिए एक वक्त पूरी तैयारी कर लेने की बात कह रहे थे। फिलहाल, इसे ही आधार बनाकर एक बार फिर भाजपा विधायक सिंह व भद्र बंधुओं के मध्य अदावत ‘गरम’ हो गई है।
सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके धनपतगंज के पूर्व प्रमुख बाहुबली मोनू सिंह ने दावा किया कि करीब 12 वर्ष पूर्व माफिया मुन्ना बजरंगी जब सुल्तानपुर जेल में बंद था, उस वक्त हम दो भाइयों (सोनू सिंह व मोनू सिंह) की हत्या की सुपारी पूर्व मंत्री विनोद सिंह के द्वारा उन्हें दी गई थी। इसे खुद महिला द्वारा जारी ऑडियो में स्वीकारा है। मोनू सिंह ने कहा कि इस बाबत वे एसपी सुल्तानपुर व सीएम योगी आदित्यनाथ से शिकायत कर जांच व कार्रवाई की मांग करने जा रहे हैं। यदि शासन नहीं लेगा मेरी शिकायत का संज्ञान तो कोर्ट का सहारा लिया जाएगा।
बता दें कि धोखाधड़ी व जालसाजी कर धन ऐंठने के आरोप में लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली में पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने गत माह सुल्तानपुर निवासी एक दंपती पर केस दर्ज कराया था। पुलिस ने जब नामजद दंपती पर शिकंजा कसा तो इसी के बाद उक्त मामले में नामजद आरोपी महिला ने ताबड़तोड़ कई अपुष्ट ऑडियो क्लिप्स वायरल करके पूर्व मंत्री पर कड़े प्रहार शुरू कर दिए। उनके चरित्र पर उंगली उठाई है। इसी क्रम में वह चर्चित ऑडियो भी वायरल किया गया है, जिसमें पूर्व मंत्री सिंह द्वारा कथित तौर पर भद्र बंधुओं की हत्या की साजिश करने की बात भी कही जा रही है।
हालांकि, वायरल ऑडियो क्लिप्स को फर्जी बताते हुए पूर्व मंत्री सिंह के पीआरओ अमित सिंह ने सिरे से आरोपों को नकार दिया है। कहा है कि पुलिस व गिरफ्तारी से बचने के लिए पेशबंदी के तहत नामजद दंपती फर्जी ऑडियो जारी कर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। उधर, पूर्व प्रमुख यशभद्र सिंह मोनू का पलटवार है कि पूर्व मंत्री के प्रभाव की वजह से पुलिस ने मामले में चुप्पी साध रखी है।
