अनिल मिश्र / रांची
झारखंड की राजधानी रांची में पिछले सत्रह दिनों से जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर आज छात्रों ने विधानसभा का उग्र घेराव किया। इस बीच प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस बीच सीआईडी ने कार्रवाई करते हुए जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष को गिरफ्तार किया है। आंदोलन कर रहे प्रदर्शनकारी सीआईडी की जगह सीबीआई जांच करवाने एवं मंत्री की जगह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सीधे बात करने की मांग कर रहे हैं।
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों ने आज सोमवार को विधानसभा घेराव का ऐलान किया था। इस दौरान छात्रों ने आज सुबह से ही पुलिस की करीब सात बैरिकेडिंग तोड़ दी और विधानसभा की ओर बढ़ने लगे। छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया। रांची में सड़कों पर उतरे हजारों छात्र खेतों के रास्ते नई विधानसभा के परिसर तक पहुंच गए और प्रदर्शन करने लगे। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसके बाद अब आंसू गैस के गोले भी छोड़े जा रहे हैं।
वहीं, छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने भी सरकार को खुली चेतावनी दे दी है कि अब यह प्रदर्शन रुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा है कि छात्रों की मांगें मानिए, नहीं तो सीएम की कुर्सी को भी खतरा है। इससे पहले चौथा बैरिकेड तोड़ने के बाद छात्रों पर वाटर कैनन से पानी छोड़ा गया, लेकिन इसके बावजूद पुलिस छात्रों को नहीं रोक पाई। पानी की बौछार पड़ते ही प्रदर्शनकारी छात्रों ने नाचना शुरू कर दिया। कुछ छात्र खेतों के रास्ते विधानसभा की दीवार तक पहुंच गए। इसके बाद छात्रों ने आखिरी बैरिकेड भी तोड़ दिया और विधानसभा की ओर भाग गए।
रांची में विधानसभा के पास JPSC-JSSC छात्रों के प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शन के बीच छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के साथ धक्का-मुक्की होने की बात सामने आई। इसके बाद मौके पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान प्रदर्शनकारियों में अफरा-तफरी मच गई। छात्र अपनी मांगों को लेकर विधानसभा के सामने डटे हुए थे।
प्रदर्शनकारी सरकार से JPSC-JSSC परीक्षा विवाद से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग कर रहे हैं। पुलिस और छात्रों के बीच बढ़ते तनाव के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।
झारखंड विधानसभा में छात्रों पर पुलिस की ओर से लाठीचार्ज किए जाने के बाद छात्र नेताओं ने कहा कि अब किसी मंत्री से बात नहीं होगी। अब बात सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से होगी। आंदोलनकारियों का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता रविंद्र पासवान ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने वाले छात्रों पर सरकार की पुलिस ने लाठी बरसाई है। इसलिए अब सरकार के किसी मंत्री से नहीं, सीधे सीएम हेमंत सोरेन से बात होगी।
